पीसीसी ढ़लाई में गड़बड़ी, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
संग्रामपुर। नंदपुर चौक के समीप से निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन तक सड़क पर जिला परिषद से पीसीसी कार्य कराया जा रहा है।बुधवार को ग्रामीणों ने सड़क के पीसीसी की मोटाई में कमी को पकड़ लिया। नतीजतन लोग आक्रोशित हो गए। मजदूरों को काम करने से रोकने को कहा, लेकिन काम करा रहे मुंशी ने कहा कि हमे जितना मोटा ढालने के लिए कहा गया है, उतना ही मोटा ढालेंगे। काम बंद नहीं होगा। इसपर ग्रामीण बिफर गए। कर्मियों और ग्रामीणों में विवाद की स्थिति आ गई, तब जाकर काम रुका।
ग्रामीण मदन मोहन पांडेय,चंद्रिका महतो, गुड्डू चौहान, जनक महतो, धुरेंद्र महतो आदि ने कहा कि विगत कई वर्षों से यह सड़क सोलिंग थी। वर्षों की उपेक्षा के बाद इसके बनने का समय आया। जिला परिषद के प्रतिनिधि नारंगी खान इस सड़क को बनवा रहे हैं। लेकिन सड़क का निर्माण इतना घटिया हो रहा है कि ग्रामीण इससे आक्रोशित हो गए हैं।लोगों ने सड़क का काम रोककर जिला परिषद विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।आक्रोशित लोगों ने विभाग के अधिकारियों के आने तक काम बंद रखने को कहा।

