बीरगंज के मेयर ने सोलह दिव्यांग बच्चों को शैक्षणिक सहायता के रूप में दिए 5-5 हजार
रक्सौल/वीरगंज महानगरपालिका के अंतर्गत विभिन्न सामुदायिक विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों को शैक्षिक सहयोग के रूप में आर्थिक सहायता प्रदान किया गया। सशक्त महिला, समृद्ध नेपाल’ कार्यक्रम के तहत लाइफ नेपाल ने बीरगंज महानगरपालिका के सहयोग से प्रत्येक बच्चे को 5 हजार रुपये की नकद उपलब्ध कराई गई।
महानगर क्षेत्र के 16 दिव्यांग बच्चों को लाभ दिया गया। मुख्य अतिथि तथा वीरगंज महानगरपालिका के प्रमुख राजेशमान सिंह ने सहायता राशि प्रदान करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करना राज्य और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। आर्थिक अभाव के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए महानगरपालिका विभिन्न सहयोगात्मक कार्यक्रम संचालित कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे साझेदारी आधारित प्रयास समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होंगे।
लाइफ नेपाल की प्रतिनिधि कंचन कोईराला ने बताया कि सफेद और पीले परिचय पत्र प्राप्त बच्चों को लक्षित कर यह सहयोग प्रदान किया गया है। उनके अनुसार लाल और नीले परिचय पत्रधारी दिव्यांग व्यक्तियों को सरकार से मासिक भत्ता मिलता है, लेकिन सफेद और पीले कार्डधारियों को आर्थिक सहायता नहीं मिलती। नतीजतन विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को शैक्षिक सामग्री, पोशाक तथा अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए सहयोग दिया जा रहा है। सहायता प्राप्त करने वाले 16 बच्चों में 6 बालिकाएं और 10 बालक शामिल हैं।

