काली सेना ने विधिवत किया घरेलू उद्योग की शुरुआत
रक्सौल। शहर के काली न्यास मंदिर परिसर में काली सेना (राष्ट्रीय) की कार्यकारिणी की पहली बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता काली सेना की राष्ट्रीय प्रमुख पार्वती तिवारी ने की। वही सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महिलाओं के स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उड़द दाल और तिसी (अलसी) की तिलौरी का निर्माण घरेलू स्तर पर शुरू किया जाएगा।
मंदिर के पीठाधीश्वर सेवक संजय नाथ महाराज ने महिलाओं को अपने स्तर से निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा की और महिला सशक्तिकरण के इस प्रयास को आशीर्वाद दिया।
बैठक में उपस्थित महिलाओं ने संगठन के विस्तार और स्वावलंबन के लिए ईमानदारी व निष्ठा से कार्य करने की शपथ ली। यह भी निर्णय लिया गया कि तैयार किए जाने वाले सभी उत्पाद शुद्ध, स्वादिष्ट और स्वच्छता (हाइजीन) के मानकों के अनुरूप होंगे।
पार्वती तिवारी ने कहा कि अति पिछड़े ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए यह एक छोटी, लेकिन महत्वपूर्ण शुरुआत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में काली सेना महिलाओं के स्वरोजगार के क्षेत्र में एक बड़ा नाम बनेगी।
कार्यक्रम में काली सेना की पूर्णिमा देवी, रिंकू देवी, पूजा देवी, रमकली देवी, आसमा खातून और नीलू देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थीं।

