एमजीसीयू में राजनीति विज्ञान विभाग में पी-एच.डी की मौखिकी हुई संपन्न
मोतिहारी। महात्मा गाँधी केन्द्रीय विश्वविद्यालय में बुधवार को राजनीति विज्ञान विभाग के पी.एच.डी. शोधार्थी विजय शंकर चौधरी का मौखिकी परीक्षा संपन्न हुई और उन्हें पी.एच.डी. की उपाधि प्रदान करने की संस्तुति प्रदान की गई।
विजय शंकर चौधरी ने डॉ. पंकज कुमार सिंह, सहायक प्राध्यापक, राजनीति विज्ञान विभाग के शोध निर्देशन में, “भारत में संघवाद का स्वरूप: मनमोहन सिंह एवं नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्रित्व काल में संघवाद के कार्यकरण का एक विश्लेषणात्मक अध्ययन (2009- 2019)” विषय पर अपना शोध-प्रबंध जमा किया था।
उल्लेखनीय है कि इस मौखिकी में कुलपति, प्रो. संजय श्रीवास्तव उपस्थित रहे, जो उनके अकादमिक एवं शोध के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कुलपति ने कहा कि यह अत्यंत प्रासंगिक एवं समीचीन विषय है। उन्होंने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रधानमंत्रित्व काल में संघवाद की भावना एवं संरचना दोनों सुदृढ़ हुए हैं। योजना आयोग की जगह नीति आयोग का गठन, राज्यों को अत्यधिक वित्तीय सहायता एवं स्वायत्तता, जी.एस.टी. सुधारों ने निश्चित तौर पर सहकारी संघवाद को स्थापित किया है।
कुलपति ने सुझाव दिया कि कैसे सोशल मीडिया ने क्षेत्रीय आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने में योगदान दिया है। उन्होंने परामर्श दिया कि एकदलीय प्रभुत्व की 10 वर्षों तक सरकार रहने पर भी मोदी सरकार ने संघवाद की भावना को आगे बढ़ाया, जो कि अत्यंत प्रशंसनीय है। कुलपति ने शोधार्थी तथा पर्यवेक्षक दोनों को शुभकामनाएँ दी। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के मुख्य कुलानुशासक एवं वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. प्रसुन दत्त सिंह, समाज विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता, प्रो. सुजीत चौधरी, राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष, डॉ. नरेंद्र कुमार आर्या, डॉ. विमलेश कुमार सिंह, डॉ श्याम कुमार झा, डॉ. जुगल किशोर दाधीच, डॉ. उपमेश कुमार, डॉ. अनुपम वर्मा, डॉ. पी. ओमकार, डॉ. असलम खान, डॉ संजय कुमार, डॉ. रामलाल बगाड़िया सहित अनेक शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं सम्मिलत रहे।
सभी शिक्षकों ने शोधार्थी विजय शंकर चौधरी एवं पर्यवेक्षक डॉ. पंकज कुमार सिंह को बधाई दी एवं उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की।

