ट्यूशन पढ़कर लौट रहे 16 वर्षीय छात्र की नहर में डूबने से मौत, परिजनों में कोहराम
कल्याणपुर। ट्यूशन पढ़कर लौटने के दौरान 16 वर्षीय छात्र हर्षित कुमार की नहर में डूबने से मौत हो गई। उक्त हादसा बाकरपुर के कटही पुल के समीप की है,जहां पैर फिसलने से वह नहर में गिर गया।आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह पानी में डूब चुका था।
मृतक हर्षित कुमार केसरिया थाना क्षेत्र के गवंद्री गांव निवासी कन्हैया दुबे का पुत्र था। वह बचपन से ही पढ़ाई के लिए अपने मामा बाकरपुर निवासी शिवजी पाठक के घर रह रहा था और वहीं से स्कूल व ट्यूशन करता था। घटना के समय वह ट्यूशन से लौट रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। हर्षित दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता असम में रहकर पूजा-पाठ का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की जानकारी उन्हें दे दी गई है। इधर मां गुड़िया देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर फैल गई है।

