हुनर की नई कहानी लिखने वाले युवक को डीएम ने बताया प्रेरणाश्रोत
मोतिहारी। पूर्वी चम्पारण जिले में एक ऐसी कहानी लिखी जा रही है, जो युवाओं के सपनों को पंख देने का जीता-जागता उदाहरण बन रही है। 5 फरवरी 2026 को जिला पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत सफलतापूर्वक संचालित हो रही फर्नीचर निर्माण एवं इंटीरियर डिजाइनिंग इकाई दि फ्लेवर गार्डेन का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने योजना के धरातल पर दिख रहे सकारात्मक बदलावों को करीब से देखा और समझा कि कैसे युवा अपने परिश्रम एवं सरकारी योजना का लाभ लेकर स्वयं और स्थानीय युवाओं के जीवन में नई रोशनी ला रहे हैं।
इस इकाई के संचालक नवीन कुमार ने जिला पदाधिकारी को बताया कि वह अपने व्यवसाय को आधुनिक रूप देने में इंटरनेट और डिजिटल तकनीक का भरपूर इस्तेमाल किया है।

श्री कुमार ने बताया कि नई मशीनों की जानकारी, फर्नीचर निर्माण की बारीकियां और आधुनिक डिजाइन की पूरी ट्रेनिंग उन्होंने इंटरनेट के माध्यम से ही हासिल की है। यह उदाहरण दर्शाता है कि उद्यमिता न सिर्फ युवाओं को मालिक बनाती है, बल्कि उन्हें रोजगार प्रदाता भी बनाती है। जिला पदाधिकारी ने नवीन के प्रयासों की प्रशंसा की। कहा कि युवाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।

