नो मेंस लैंड से अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा के साथ पारदर्शिता की कार्रवाई
मोतिहारी/रक्सौल। भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। रक्सौल क्षेत्र के मुशहरवा बॉर्डर पर सीमा स्तंभ संख्या 389, 388 और 387 के बीच नो मैंस लैंडस किए गए अतिक्रमण को हटा दिया है।
यह कार्रवाई नेपाल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान नकरदेही थाना की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही, ताकि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो। एसएसबी सहदेवा बीओपी के इंचार्ज रजत मिश्रा ने बताया कि मुशहरवा के समीप सीमा पर पिछले कई दिनों से अवैध अतिक्रमण था। उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद यह प्रक्रिया शुरू की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा नियमों के अनुसार, सीमा स्तंभ से दोनों देशों की ओर 30-30 फीट, यानी कुल 60 फीट क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखना अनिवार्य है।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि सीमा क्षेत्र की सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी परिस्थिति में सीमा क्षेत्र में अवैध निर्माण या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि हाल ही में जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में एसएसबी अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी।
इस बैठक में जिलाधिकारी ने सीमा क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा था कि जहां-जहां सीमा पर अतिक्रमण पाया जाए, उसे तत्काल हटाया जाए। इस बैठक के बाद स्थानीय प्रशासन और एसएसबी ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर सीमा क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने की मुहिम तेज कर दी है। जिससे अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

