पुलिस ने रिफाइन तेल लूट गिरोह का किया पर्दाफाश
-तीन ट्रक जब्त, तीन चालक अरेस्ट
रक्सौल। मोतिहारी पुलिस ने ट्रांसपोर्टिंग के नाम पर ट्रकों का पूरा माल बेच देने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह मामला रक्सौल हरैया थाना क्षेत्र के आईसीपी रोड से जुड़ा है, जहां से रिफाइन तेल से लदे तीन ट्रक तमिलनाडु के लिए रवाना हुए थे। आरोप है कि ट्रक चालकों ने तय गंतव्य तक पहुंचने के बजाय माल को पश्चिम बंगाल के हल्दिया और ओडिशा ले जाकर बेंच दिया।
जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया। एसआईटी ने तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए ओडिशा से एक ट्रक को बरामद कर लिया है। इस ट्रक के साथ तीन चालकों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि अन्य दो ट्रकों को पश्चिम बंगाल के हल्दिया में ट्रेस कर लिया गया है।
एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत आषाढ़ी गांव निवासी राजेंद्र यादव का पुत्र रोहित कुमार, कुटीका सराय निवासी कपिल यादव का पुत्र पिंटू कुमार और पंजाब के अमृतसर जिले के लोपके थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोलके गांव निवासी रतन सिंह का पुत्र कुलदीप सिंह शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कुलदीप सिंह संभवतः ट्रक का मालिक है।
बताया कि तीनों ट्रक हरैया थाना क्षेत्र के आईसीपी से रिफाइन तेल लोड कर तमिलनाडु के लिए निकले थे। चालकों ने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिए और एक सुनियोजित साजिश के तहत ट्रकों को दूसरे राज्यों में ले जाकर माल की अवैध बिक्री कर दी। इस पूरे मामले में धोखाधड़ी और गबन को अंजाम दिया गया। यह एक संगठित गिरोह का मामला है, जिसमें अन्य लोगों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता।

