कोटवा थाना पहुंचे एसपी,पुलिस मित्र बहाली फर्जीवाड़ा मामले में दिये सख्त निर्देश
कोटवा। पुलिस मित्र बहाली के नाम पर हुए बड़े फर्जीवाड़ा मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात बुधवार को स्वयं कोटवा थाना पहुंचे और मामले के सभी पहलुओं पर जांच किए। इस दौरान उन्होंने मामले में गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की और पूरे फर्जीवाड़े की परत-दर-परत जानकारी ली।
एसपी ने पूछताछ के दौरान फर्जी नियुक्ति पत्र, आईडी कार्ड, ज्वाइनिंग के नाम पर की गई अवैध वसूली, बैंक से लेन-देन तथा इसके पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई। जांच में यह सामने आया है कि युवाओं को पुलिस मित्र में बहाली का झांसा देकर मोटी रकम वसूली गई है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मामले की जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और तेज गति से की जाए। उन्होंने कहा कि इस फर्जीवाड़े में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

– एसबीआई की शाखा में पुलिस ने की जांच
पुलिस की एक टीम कोटवा एसबीआई में पहुंच कर पुलिस मित्र के नाम पर ठगी के मामले की जांच की है। जानकारी के मुताबिक डीएसपी सदर-2 के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने स्टेट बैंक के कोटवा शाखा में पहुंच कर मामले में कई महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की है। बताया गया है कि उक्त बैंक में ठगी के शिकार युवक का खाता है, जिससे ठगो को पैसा ट्रांसफर किया गया है। इस दौरान पुलिस ने रवि यादव सहित बैंक मैनेजर से भी पूछताछ की है।

