पुलिस मित्र के नाम पर ठगी करनेवाले गिरोह को लेकर एसआईटी गठित
-4 लाख ठगी के शिकार युवक ने दर्ज कराई एफआईआर
कोटवा। पुलिस मित्र की नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों से ठगी करने वाले एक बड़े सिंडिकेट के शिकार युवक ने कोटवा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में एसपी स्वर्ण प्रभात ने प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के हेमंत सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है।
इस संबंध में ठगी का शिकार कोटवा थाने के कोइरगावा निवासी रवि कुमार यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि जून 2025 में चार युवक उसके पास पहुंचे थे और उसे पुलिस मित्र की नौकरी दिलाने और संस्था में जिला कोऑर्डिनेटर का पद दिलाने के नाम पर अपनी बातों में फंसा कर 4 लाख की ठगी कर लिए। रवि ने ऑनलाइन कैश ट्रांसफर का प्रूफ पुलिस को दिया है। इसके साथ ही उक्त गैंग ने उसे आई कार्ड देकर कोटवा में ही जॉइनिंग भी करा दिया। उसे कहा गया कि आप अन्य युवकों को भी इस नौकरी के लिए लेकर आइए आपको बकायदा तनख्वाह दिया जाएगा।
बताया गया है कि रवि सहित कई युवक उक्त गैंग के ठगी के शिकार हुए हैं जिनसे 60 हजार से लेकर 1 लाख तक रुपए वसूला गया और उन्हें आई कार्ड भी उपलब्ध कराया गया। अब ठगी करने वाले युवकों का कोई आता पता नहीं है और उन लोगों का मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है। इसको लेकर रवि ने कोटवा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

