पंचायत सरकार भवन निर्माण में बगही की अनदेखी पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
– सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगो ने प्रखंड मुख्यालय पर किया प्रदर्शन
सुगौली । प्रखंड के ग्राम पंचायत राज बगही में पंचायत सरकार भवन का निर्माण नही होने को लेकर लोगों में नाराजगी है।
फलस्वरूप सोमवार को पंचायत के सैकड़ो ग्रामीण प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। साथ हीं एक सभा का आयोजन भी किया गया। लोगों का कहना है कि पंचायत ग्राम बगही होते हुए भी प्रशासन द्वारा भवन निर्माण दूसरे गांव श्रीखंडी में कराया जा रहा है।ग्रामीणों का साफ आरोप है कि यह निर्णय नियमों और सरकारी प्रावधानों के खिलाफ है।पहले ही अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर आपत्ति दर्ज कराई गई थी।
लेकिन 21 दिनों के बाद भी प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की जिससे ग्रामीणों में रोष और गहराता गया।प्रशासनिक उदासीनता से नाराज ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय का शांतिपूर्ण घेराव कर जोरदार नारेबाजी की और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि पंचायत सरकार भवन का निर्माण पंचायत मुख्यालय ग्राम बगही में नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में शेख सोबराती, अब्दुल सत्तार, बैधनाथ झा, जवाहर झा, अनिल श्रीवास्तव, असगर अली, शेख साहेब और अमर यादव, संजय यादव सहित सैकड़ों की संख्या में शामिल थे।

