एनसीबी ने बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर की छापेमारी,चार किलो अफीम के साथ तीन गिरफ्तार

एनसीबी ने बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर की छापेमारी,चार किलो अफीम के साथ तीन गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर चार किलो अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है।इस दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

उक्त कारवाई एनसीबी और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने आरएमएस के सामने प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर की है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान जीतना थाना क्षेत्र के रेंगनिया गांव निवासी आशुतोष कुमार, चिरैया थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर गांव निवासी मुकेश कुमार और उमाकांत यादव के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई का नेतृत्व एसीबी पटना के उप निरीक्षक प्रवीण कुमार ने किया। टीम में आरपीएफ पोस्ट कमांडर भरत जायसवाल, सअनि शिव सागर यादव, बलराम महतो तथा पटना से आई एनसीबी की तीन सदस्यीय टीम शामिल थी।

गोपनीय सूचना के आधार पर एनसीबी की टीम ने दोपहर करीब 12.45 बजे तीनों युवकों को एक काले रंग के बैग के साथ बेंच पर बैठे हुए देखा। संदेह होने पर उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे सप्तक्रांति एक्सप्रेस से आनंद विहार (नई दिल्ली) जाने वाले हैं।

टीम ने जब उनका बैग खुलवाकर देखा तो उसमें नीले और काले रंग की पॉलिथीन में पैक किया गया चार किलो अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद तीनों को आरपीएफ पोस्ट लाकर जब्ती और गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की गई।

पूछताछ में तस्करों ने स्वीकार किया कि वे इस मादक पदार्थ की खेप दिल्ली ले जाने की फिराक में थे। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

एनसीबी की ओर से इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मादक पदार्थ तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page