शॉर्ट-सर्किट से लगी आग में चार घर जलकर नष्ट, लाखों का नुकसान
कल्याणपुर। प्रखंड के शम्भूचक पंचायत के वार्ड संख्या 01 में शनिवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। नतीजतन चार परिवारों के घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग की चपेट में आये रामजीलाल राय, जितेंद्र राय, संतोष राय और सफीक अंसारी के घरों में रखे नकदी, कपड़ा, बिछावन, कागजात, अनाज, गहने आदि अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गये। आगलगी के दौरान एक सिलेंडर भी आग की चपेट में आकर फट गया।
फलस्वरूप अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलवक्त पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में अंचलाधिकारी रणधीर प्रसाद ने बताया कि घटना की जांच के लिए कर्मचारियों को भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित परिवारों को सरकार द्वारा मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध करा दी जायेगी।

