स्वच्छ वातावरण में कदाचार मुक्त संपन्न होगी इंटरमीडिएट की परीक्षा: जिला प्रशासन

स्वच्छ वातावरण में कदाचार मुक्त संपन्न होगी इंटरमीडिएट की परीक्षा: जिला प्रशासन
Facebook WhatsApp


मोतिहारी। इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा-2026 अगामी 02 फरवरी से प्रारंभ हो रही है, परीक्षा 13 फरवरी को समाप्त होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण वातावरण में स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संपन्न कराने को लेकर  जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर समाहर्ता एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी ने महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान बताया गया कि जिला में यह परीक्षा कुल 69 परीक्षा केंद्रों पर संचालित की जाएगी। जिसमें 60592 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।

परीक्षा संचालन को लेकर मोतिहारी अनुमंडल में कुल 37 परीक्षा केंद्र, अरेराज अनुमंडल में 07, सिकरहना अनुमंडल में 06, पकड़ीदयाल अनुमंडल में 05, रक्सौल अनुमंडल में 06 एवं चकिया अनुमंडल में कुल 08 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो सीटिंग में ली जाएगी। पहली सीटिंग 9ः30 बजे से 12ः45 बजे तक तथा दूसरी सीटिंग 2 बजे से 5ः15 बजे तक चलेगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने  निर्देश दिया कि प्रथम सीटिंग के लिए परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश 9  बजे तक ही निर्धारित किया गया है, जबकि द्वितीय सीटिंग के लिए परीक्षार्थी 1ः 30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश कर सकेंगे। इससे विलंब से आने वाले परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश वर्जित किया गया है।

सभी परीक्षा केन्द्रों पर चार-चार स्टैटिक दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है, जो स्वच्छ वातावरण में परीक्षा सम्पन्न करायेंगे तथा परीक्षा केन्द्रों के आसपास भीड़ न लगे। वहीं सदर अनुमंडल के परीक्षा केंद्रों के लिए 5 जोनल दंडाधिकारी जबकि चकिया, अरेराज, पकड़ीदयाल, रक्सौल एवं  सिकरहना अनुमंडल के लिए एक जोनल दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।  

नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं निदेशक डीआरडीए को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी 07 बजे पूर्वा० तक अपनी प्रतिनियुक्ति स्थान ग्रहण कर लेंगे।

इस अवसर पर सभागार में उपस्थित सभी केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी  पदाधिकारी को अपर समाहर्ता ने भी संबोधित करते हुए सभी जरूरी  तथ्यों से अवगत कराया। इस अवसर पर प्रेक्षा गृह में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के सभी डीपीओ सहित प्रभारी पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा भी उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page