अपहरण के दो घंटे के अंदर तीन युवक सकुशल मुक्त, दो गिरफ्तार
-अपहरण में प्रयुक्त स्कॉर्पियो पिपरा के खैरी से बरामद
पूर्वी चंपारण। जिले के कोटवा थाना क्षेत्र से बुधवार की देर रात अपहृत किये गये तीन युवकों काे पुलिस ने महज कुछ घंटाें के अंदर ही खाेज निकाला है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल हरकत में आई और एसपी के निर्देश पर स्थानीय पुलिस और एसआईटी सहित टेक्निकल सेल की टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की नतीजतन दो घंटे के अंदर पुलिस ने अपहृत तीनों युवकों को सकुशल मुक्त कराते हुए दो अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार किया।
बुधवार की रात्रि लगभग 11:30 बजे सूचना मिली कि मेन कैनाल के जसौली पट्टी पंचायत के 95 आरडी पुल के पास एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन से कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने तीन युवकों का अपहरण कर लिया है और अपहर्ता तेज गति से वाहन लेकर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही कोटवा थाना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ मैन्युअल कार्रवाई भी की गई। इसी क्रम में पिपरा थाना क्षेत्र के खैरी बाजार, स्थित मिडिल स्कूल के समीप घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कॉर्पियो को लावारिस अवस्था में बरामद किया गया।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने अपहरण कांड में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में पिपरा थाना के खैरी जमुनिया के मंजेश कुमार, पिता खेड़ू शाह तथा तेजस्वी राज, पिता प्रेमचंद यादव है।
पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि अपहृत किए गए तीनों युवक मुक्त कराए गए। जिसमें पिपराकोठी थाना के बथना निवासी पवन कुमार, पिता राजकिशोर पटेल, आशुतोष कुमार शर्मा तथा राजन कुमार, पिता अछेलाल पासवान शामिल हैं। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के कारणों को खंगाल रही हैकि किस परिस्थिति में अपहरण की वारदात को अंजाम दिया गया।

