खेत में बिछाए बिजली तार की चपेट में आने से युवक की मौत

खेत में बिछाए बिजली तार की चपेट में आने से युवक की मौत
Facebook WhatsApp

हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के गायघाट पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या सात स्थित बड़ा हरपुर गांव में विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान गांव के रामचंद्र प्रसाद के 40 वर्षीय पुत्र उमेश प्रसाद के रूप में की गई है। घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पत्नी रंजीता देवी ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने अपने खेत में आलू और मक्का की फसल की सुरक्षा के लिए चारों मेड़ों पर अवैध रूप से बिजली प्रवाहित तार बिछा रखा था।

उसी रास्ते से गुजरने के दौरान उमेश प्रसाद करंट की चपेट में आ गए। इससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही हरसिद्धि थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया । पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को दाह संस्कार के लिए सौंप दिया। लेकिन 30 घंटे बीत जाने के बाद परिजनों ने दाह संस्कार नहीं किया है। शव उसी तरह दरवाजे पर रखा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त खेत में पहले भी करंट की चपेट में आने से कई जंगली जानवरों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन अविवाहित पुत्रिया गोल्डी 15 ,प्रतीक्षा 10 , सीबी 9 तथा एक पुत्र चंदन कुमार 12 हैं जो सभी पढ़ाई कर रहे हैं। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया । पत्नी रंजीता देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी बार-बार बेहोश हो जा रही थीं और बच्चों के भविष्य को लेकर गहरे सदमे में हैं।

इस संबंध में प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष ऋषभ कुमार ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है। आवेदन मिलते हीं आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page