चंपारण की धरती धन्य इसी ने मोहनदास करम चन्द्र गांधी को बनाया महात्मा गांधी:विजय चौधरी
-मंत्री ने गांधी मैदान में झंड़ोत्तोलन कर सरकार की उपलब्धियां गिनाई
– विभिन्न विभागो की लुभावने झांकियों को देख लोगों में जगा कौतुहल
मोतिहारी। 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री विजय चौधरी ने मार्च पास्ट की सलामी के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
उन्होने अपने संबोधन में चंपारण के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इस धरती में इतनी शक्ति है, कि इसने मोहनदास को महात्मा गांधी बना दिया। यहां के एक साधारण किसान पं. राजकुमार शुक्ल की असाधारण जिद्द ने गांधी जी को यहां आने पर विवश किया, परिणामस्वरूप आजादी के लिए यहां अहिंसक आंदोलन हुए और देश आजाद हुआ।
फलस्वरूप चंपारण का नाम देश के इतिहास के स्वर्णिम पन्नो में दर्ज हो गया। आज उसी गांधी जी से प्रेरणा लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, शराबबंदी, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में चलाई जा रही विभिन्न विकास योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया।
कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है और इस दिशा में निरंतर कार्य किये जा रहे है। मौके पर पुलिस के जवानो ने आकर्षक परेड की प्रस्तुती की, जिसमें पुलिस बल, सशस्त्र बल और अन्य सुरक्षा इकाइयों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा निकाली गई झांकियों की प्रस्तुति ने ध्यान आकर्षित किया। शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, मद्य निषेध विभाग और जीविका दीदियों सहित अन्य विभागों की झांकियों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को दर्शाया गया।
पूरे समारोह के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर डीएम, एसपी सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे और आम नागरिक मौजूद थे।

