राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन मतदान को लेकर लिया गया शपथ
कोटवा। प्रखंड क्षेत्र में रविवार को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। इसको लेकर प्रखंड कार्यालय सहित बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर मतदाता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रखंड कार्यालय परिसर एवं मतदान केंद्रों पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।
प्रखंड कार्यालय में बीडीओ और बूथों पर बीएलओ की अगुआई में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारियों ने मतदान को लेकर शपथ लिया। इस शपथ के माध्यम से लोगों ने लोकतंत्र में अपनी आस्था रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव में भाग लेने तथा धर्म, जाति, वर्ग, भाषा या किसी भी प्रकार के प्रलोभन या भेदभाव से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प लिया।
वहीं लोकतांत्रिक मूल्यों और परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। इस अवसर पर “मेरा भारत, मेरा वोट” का संदेश दिया गया, ताकि लोगों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़े और लोग लोकतंत्र में अपनी भागीदारी जिम्मेवारी के साथ समझें। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को जिम्मेदार और जागरूक मतदाता बनाना और संविधान एवं लोकतंत्र में उनकी आस्था को और मजबूत करना था।

