पूर्वी चंपारण को राष्ट्रपति के हाथो मिला बेस्ट इलेक्शन डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड
पूर्वी चंपारण। बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूर्वी चंपारण जिले को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा देशभर में सर्वश्रेष्ठ निर्वाचन जिला पुरस्कार (बेस्ट इलेक्शन डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड) के लिए चयनित किया गया था। 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में पूर्वी चंपारण जिला को राष्ट्रपति ने यह अवार्ड प्रदान किया।जिसे राष्ट्रपति के हाथों जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने प्राप्त किया।
अवार्ड मिलने के बाद जिलाधिकारी जोरवाल ने बताया कि यह उपलब्धि जिले के सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों, मतदाताओं एवं आम जनता के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। पूर्वी चंपारण जिले में स्वचालित जीपीएस आधारित सीएपीएफ तैनाती प्रणाली विकसित की गई, जिसने तैनाती योजना का समय कई दिनों से घटाकर कुछ ही मिनटों में कर दिया और चुनाव पूर्ण सटीकता के साथ सम्पन्न हुआ। जीपीएस विश्लेषण का उपयोग करते हुए सभी मतदान केंद्रों पर बल आवंटन को अनुकूलित किया गया। इसके अतिरिक्त क्यूआर-कोड नेविगेशन, इंटरैक्टिव बूथ मैपिंग, पूर्व-मुद्रित रजिस्टर और रियल-टाइम डैशबोर्ड सहित व्यापक डिजिटल उपकरण तैयार किए गए।
इन नवाचारों के परिणामस्वरूप निर्बाध और बिना किसी व्यवधान के पूरे जिले में निर्वाचन संपन्न हुआ तथा शून्य घटनाओं के साथ मतदान प्रतिशत में भी वृद्धि दर्ज की गई, जो वर्ष 2020 के 60.28 प्रतिशत से बढ़कर वर्ष 2025 में 71.55 प्रतिशत तक पहुंच गया। उन्होने बताया कि बिहार विधान सभा आम निर्वाचन को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में सम्पूर्ण टीम के सामूहिक प्रयासों एवं नवीन तकनीकी पहल के कारण पूर्वी चंपारण जिला को यह गौरवशाली उपलब्धि हासिल हुआ है।
उल्लेखनीय है,कि यह सम्मान पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन के सभी पदाधिकारी, निर्वाचन प्रक्रिया में संलग्न सभी पदाधिकारी एवं कर्मीगण तथा संपूर्ण जिला वासियों को शुभकामनाएं दी है।

