पूर्वी चंपारण में नई चीनी मिल की होगी स्थापना
– नई चीनी मिल की स्थापना के प्रति जिला प्रशासन की ओर कार्रवाई तेज
-भू-अर्जन पदाधिकारी के नेतृत्व में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के लिए टीम का गठन
चकिया, कल्याणपुर, केसरिया के किसान होंगे लाभान्वित
मोतिहारी। बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलो को खोलने की दिशा में जिला प्रशासन प्रत्यन्नशील है। बावजूद इसके एक नई चीनी मिल की स्थापना का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जाहिर है कि आने वाले दिनों में गन्ना किसानों के लिए चीनी मिल वरदान साबित होगी, वहीं रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। वर्तमान में चीनी मिल के लिए मोतिहारी से आगे कल्याणपुर या चकिया क्षेत्र को प्रस्तावित स्थान के रूप में शामिल किया जाना प्रस्तावित है। प्रशासन चकिया क्षेत्र में चीनी मिल स्थापित करने के पक्ष में है, ताकि कल्याणपुर और चकिया क्षेत्र के आसपास के किसानों को इसका पूरा लाभ मिल सके।
अलबत्ता मोतिहारी, रामगढ़वा या सुगौली में चीनी मिल स्थापित करने से विशेष रूप से बचा जा रहा है। उपरोक्त एरिया सुगौली चीनी मिल से कम दूरी पर अवस्थित है। यदि दोनों मिलें निकटवर्ती क्षेत्र में स्थापित हो जायेगा तो सुगौली को गन्ने की आपूर्ति में समस्या उत्पन्न होने की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में सुगौली चीनी मिल लाभकारी रूप से संचालित है। यह मिल रामगढ़वा, छपवा, सेमरा, रघुनाथपुर तथा सरिसवा क्षेत्र के किसानों को पहले से ही लाभान्वित कर रही है। चीनी मिल की स्थापना के लिए पर्याप्त भूमि की आवश्यकता होगी। यदि किसी एक स्थान पर आवश्यक भूमि उपलब्ध नहीं होती है, तो भूमि अधिग्रहण या सीलिंग प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त भूमि को प्रस्ताव में शामिल किया जाएगा।
पूर्व में स्थापित निजी चीनी मिलों की भूमि यदि सीलिंग प्रक्रिया के अंतर्गत आती है, तो सीलिंग के माध्यम से प्राप्त होने वाली भूमि को प्रस्ताव में लिया जायेगा। हालांकि शहरी क्षेत्र में स्थित भूमि पर सीलिंग एक्ट लागू नहीं होता है, इसलिए ऐसी भूमि का भूमि अधिग्रहण प्रस्ताव तैयार किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त निकटवर्ती मौजा में उपलब्ध सरकारी भूमि को भी प्रस्ताव में शामिल किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार निजी भूमि के अधिग्रहण अथवा सतत लीज का प्रस्ताव भी तैयार किया जाएगा।
उक्त कार्य के लिए जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पदाधिकारी चकिया, जिला ईख पदाधिकारी एवं भू- अर्जन पदाधिकारी की एक टीम बनाकर 15 दिन में प्रस्ताव तैयार करने के आदेश दिया है। जाहिर है कि बहुत जल्द मिल स्थापना के लिए स्थान को चिह्नीकरण कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेज दिया जाएगा।
जिला प्रशासन इस महत्वपूर्ण परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार से स्वीकृति प्राप्त होते ही परियोजना कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाएगा। परियोजना गन्ना उत्पादक किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने तथा समग्र क्षेत्रीय विकास को गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
-समृद्धि यात्रा के दौरान सीएम ने चीनी मिल खोलने की थी घोषणा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने दुसरे दिन के समृद्धि यात्रा के दौरान रोजगार को बढ़ावा देने के साथ ही किसानों के आमदनी दुगुनी करने के ख्याल से कई घोषणाएं की, इनमें पूर्वी चम्पारण में बंद पड़ी चीनी मिलो को खोलने के साथ ही नई चीनी मिल के स्थापना घोषणा की। सीएम से प्राप्त आदेश के आलोक में जिस तीव्र गति से प्रशासन कार्य में जुटा है, संभव है इसके नतीजे भी जल्द ही सामने दिखने को मिलेगी।

