ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली के परिचालन पर पूर्णतः तरह से रोक
एसडीएम-एसडीपीओ ने सुगौली चीनी मिल का निरीक्षण किया
मोतिहारी। गन्ना लदे ट्रैक्टरों के ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रूख अख्तियार किया है। लिहाजा संभावित खतरो को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सर्तकता बरत रही है। सुगौली चीनी मिल के आसपास के पथों पर गन्ना लदे ओवरलोडेड ट्रैक्टर ट्राली के परिचालन से संभावित खतरे के विरुद्ध जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को लगातार शिकायतें मिल रही थी।
फलस्वरूप मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के द्वारा गुरूवार को चीनी मिल सहित आस पास के अन्य सभी मार्गों का निरीक्षण किया गया एवं चीनी मिल प्रबंधन के साथ बैठक कर समीक्षा की गई। इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली के परिचालन से अन्य वाहनों एवं सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों के लिए यह एक बड़ा जोखिम कार्य है।
लिहाजा ट्रैक्टर संचालकों को निर्धारित भार क्षमता का अनुपालन करना होगा। जिन वाहनों में लाइट रिफ्लेक्टर अथवा अन्य सुरक्षा उपकरण नहीं लगे हैं, तत्काल वाहन स्वामी उसे दुरुस्त कर लें, साथ ही सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें। इसको लेकर आम लोगों के बीच में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा ताकि इसका समाधान निकाला जा सके। वहीं अधिकारी द्वय ने चीनी मिल प्रबंधन को कई जरूरी निर्देश दिया।

