सबका सम्मान हो एवं उनका जीवन यापन आसान हो:मुख्यमंत्री
-प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को सरकारी कार्यालयों में संबंधित अधिकारी आमलोगों से सम्मानपूर्वक समस्याओं का समाधान करें
मोतिहारी । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पूर्वी चम्पारण जिले के मोतिहारी स्थित गांधी मैदान में समृद्धि यात्रा के दौरान जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान पूर्वी चम्पारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी। जबकि
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें। आप सबको मालूम है कि 20 नवंबर, 2025 को राज्य में नई सरकार के गठन के कुछ ही दिनों बाद हमलोगों ने राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया है। सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ का मुख्य मकसद राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को और भी आसान बनाना है। इसे लेकर हमलोग लगातार काम कर रहे हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, संबद्ध विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव / सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, चम्पारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक हरकिशोर राय, पूर्वी चम्पारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

