मुख्यमंत्री ने 138 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन एवं 34 करोड़ की नई योजनाओं किया शिलान्यास
मोतिहारी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में पूर्वी चंपारण जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। उन्होंने जिले में 138 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन किया, वहीं 34 करोड़ रुपये की नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया।इस अवसर के लिए महिला आईटीआई परिसर के मैदान में विशेष व्यवस्था की गई थी।
मुख्यमंत्री ने महिला आईटीआई परिसर में स्थापित किए गए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ किया और वहां अध्ययनरत छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से यहां दी जा रही तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण सुविधाओं और भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी ली और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
– मजुराहां पहुंच कर धनौती पुल निर्माण का लिया जायजा
इसके बाद मुख्यमंत्री ने मजुराहा स्थित धनौती नदी पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
-मोतिहारी के गांधी मैदान में अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री गांधी मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करें और कार्यों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नही करें। सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

-महिला राजकीय आईटीआई का जायजा लिया
मुख्यमंत्री ने मोतिहारी के महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने टाटा टेक के सहयोग से चलाए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया और छात्राओं से जानकारी ली। छात्राओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि हमलोगों को इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम से काफी फायदा हो रहा है तथा बहुत कुछ सीखने का मौका मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग ठीक से प्रशिक्षण लें, पढ़ाई करें और रोजगार प्राप्त करें।
मुख्यमंत्री ने महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर पूर्वी चम्पारण जिले के लिए 34 करोड़ रुपये की 40 योजनाओं का शिलान्यास एवं 138 करोड़ रुपये की 30 योजनाओं का उद्घाटन किया।
– विभिन्न स्थलों का निरीक्षण उधमियों से की बातचीत
मुख्यमंत्री ने आईटीआई में
परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में लघु उद्यमी योजना तथा बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति से लाभ प्राप्त कर रहे उद्यमियों के उत्पादों को देखा और उनकी सराहना की। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से बातचीत करते हुये कहा कि आप सब स्वरोजगार कर रहे हैं, यह बहुत खुशी की बात है। हमलोग चाहते हैं कि आपलोग आगे बढ़ें, इसके लिए सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कृषि, खाद्य पदार्थ एवं अन्य निर्मित उत्पादों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने 27 हजार 429 जीविका स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न बैंक लिंकेज के माध्यम से आर्थिक सहायता हेतु 370 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से कहा कि आप लोग अच्छा काम कर रही हैं। हमलोग यही चाहते हैं कि आपलोग तरक्की करें और आगे बढ़ें।
मुख्यमंत्री ने मजुराहां में मोतिहारी शहर को कोटवा से जोड़ने के लिए धनौती नदी पर निर्माणाधीन उच्चस्तरीय आरसीसी पुल सह पहुंच पथ का जायजा लिया। जायजा के क्रम में अधिकारियों को निर्देश देते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे जल्द पूर्ण करें, इससे लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने जिले के कल्याणपुर प्रखंड स्थित निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर के प्रगति कार्य का जायजा एवं सहस्रलिंगम पूजन
समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन मंदिर परिसर का भ्रमण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग के सचिव कौशल किशोर, बिहार राज्य पथ विकास निगम के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

