मोतिहारी गांधी मैदान में 26 सितंबर को होगी प्रियंका गांधी की जनसभा
मोतिहारी। बिहार में महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार और महंगाई के सवाल पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी बिहार में पहली जनसभा मोतिहारी के गांधी मैदान में 26 सितंबर को करेंगी। जिसकी तैयारी को लेकर सोमवार को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सदस्य डा.अखिलेश प्र.सिंह की अध्यक्षता में बंजरिया पंडाल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद डॉ.अखिलेश प्रसाद सिंह ने पत्रकारो को बताया कि प्रियंका गांधी का सत्याग्रह भूमि चंपारण में आगमन न केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत होगा बल्कि जनता को भी यह संदेश देगा कि कांग्रेस आज भी गांधी जी के मूल्यों और सिद्धांतों पर दृढ़ता से कायम है।
वही बिहार प्रभारी सचिव सुशील कुमार पासी ने कहा कि 26 सितम्बर सत्याग्रह भूमि चंपारण के लिए ऐतिहासिक दिन साबित होगा। चंपारण की जनता कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी है।उन्होंने जिला व प्रखंड स्तर के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में गांधी मैदान पहुंचें और इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ई० शशिभूषण राय उर्फ गप्पू राय ने कहा कि प्रियंका गांधी जी का यह दौरा चंपारण की राजनीति को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक चेतना का प्रतीक होगा, जिसमें महिला शक्ति और युवा शक्ति की विशेष भागीदारी रहेगी।
उन्होने कहा कि प्रियंका गांधी जी की लोकप्रियता और करिश्मा जन-जन तक पहुंच रहा है। उनका चंपारण आगमन हर वर्ग के लिए उम्मीद और परिवर्तन का संदेश लेकर आएगा।
कैसर अली खान ने कहा कि गांधी जी की कर्मभूमि पर प्रियंका गांधी जी का आगमन ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाएगी और जनता के बीच कांग्रेस के प्रति विश्वास को और मजबूत करेगी।
बैठक में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि 26 सितम्बर को गांधी मैदान, मोतिहारी में आयोजित कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जाएगा और अधिक से अधिक संख्या में लोग उपस्थित रहेंगे।
बैठक में शैलेन्द्र शुक्ला, मनोज सिंह,शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रो० विजय शंकर पाण्डेय, बर्खत खां, संगम त्रिपाठी, ओमप्रकाश कुशवाहा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

