पांच दिन से लापता मां और उसके तीन मासूम बच्चो का शव बूढी गंडक नदी से बरामद

पांच दिन से लापता मां और उसके तीन मासूम बच्चो का शव बूढी गंडक नदी से बरामद
Facebook WhatsApp

मुजफ्फरपुर। जिले में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अहियापुर थाना क्षेत्र के सिपाहपुर बखरी इलाके से बीते 5 दिनों से लापता मां एवं उसके तीन बच्चों के शव गुरुवार सुबह मुजफ्फरपुर शहर में बूढ़ी गंडक नदी से चंदवारा घाट के पास मिले है।ऐसी आशंका है कि हत्या कर शवों को नदी में फेंका गया। सभी शव पीले रंग के कपड़े से बांधे गए थे।

एक साथ 4 शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग चंदवारा घाट पर जुट गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। मृतकों की पहचान ममता कुमारी (22), पुत्र आदित्य कुमार (6), अंकुश कुमार (4) और कीर्ति कुमारी (2) के रूप में हुई है। ममता के पति कृष्ण मोहन कुमार ने शवों की पहचान की।

पुलिस ने एफएसएल टीम से जांच कराई है। आशंका है कि चारों शवों को बांधकर पुल से नदी में फेंका गया। जो बहते हुए चंदवारा घाट के पास किनारे आ गए। कृष्ण मोहन कुमार ऑटो चलाता है। वह पत्नी और बच्चों समेत किराए के मकान में अहियापुर के बखरी सिपाहपुर मोहल्ला में रहता था।

कृष्ण मोहन ने अपनी पत्नी और बच्चों की लापता होने के बाद बीते 12 जनवरी को अहियापुर थाने में अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि 10 जनवरी की शाम करीब 3:00 बजे उसकी पत्नी और बच्चे मार्केटिंग की बात बताकर घर से निकले थे। उस समय कृष्ण मोहन ऑटो चलाने जीरोमाइल गया हुआ था। शाम 6:00 बजे जब वह वापस आया तो पत्नी और बच्चे घर पर नहीं थे।

ममता बच्चों के साथ रात तक जब वापस नहीं आई तो अगली सुबह कृष्ण मोहन ने अहियापुर थाने में सूचना दी। इस बीच ममता और बच्चों को तलाशने के लिए तमाम नाते रिश्तेदार के यहां पता लगाया गया।

इस बीच 12 जनवरी की सुबह कृष्ण मोहन के मोबाइल पर दो अज्ञात नंबर से संदिग्ध कॉल आई। कॉल उठाने पर बात नहीं हुई। तब कृष्ण मोहन ने अपने सलहज से उक्त नंबर पर बात करवाई। कॉल करने वाले ने बताया कि ममता और बच्चे को उसने किडनैप किया है। पुलिस केस कराने पर सभी की हत्या कर देने की धमकी भी दी।

कृष्ण मोहन ने दोनों मोबाइल नंबर भी पुलिस को बताए और पत्नी एवं बच्चों के अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई। अहियापुर थाना अध्यक्ष रोहन कुमार ने एफआईआर दर्ज करते हुए दारोगा मिथुन कुमार को जांच का जिम्मा सौंपा।

वही एसएसपी कांतेश मिश्रा ने गुरुवार को कहा कि लापता ममता कुमारी और उसके बच्चों के शव मिले हैं। शव 24 घंटे पुराने लग रहे हैं। ममता के पति ने अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई थी। छानबीन की जा रही है।जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जायेगा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page