अवैध लाॅटरी के साथ 7 गिरफ्तार
मोतिहारी।नगर थाना की पुलिस ने अवैध लॉटरी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। हेनरी बाजार स्थित एक किराना दुकान में छापेमारी कर पुलिस ने प्रतिबंधित 50 बंडल लॉटरी, 8 हजार नकदी व डायरी संग साथ धंधेबाज को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार धंधेबाजों में हेनरी बाजार मुहल्ला निवासी पवन कुमार जायसवाल, ठाकुरबाड़ी मुहल्ला निवासी मनोज कुमार, नकछेद टोला निवासी लड्डू, नाका नंबर-2 मुहल्ला निवासी जीवन राउत, ठाकुरबाड़ी मुहल्ला निवासी नीरज कुमार, गांधीनगर मुहल्ला निवासी राजा कुमार व तेलियापट्टी चौक निवासी कृष्णा कुमार शामिल
है। बताया जाता है कि हिंदी बाजार में किराना का दुकान है। जहां लॉटरी का खेल चल रहा था। गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। छापेमारी से धंधेबाजों में हड़कंप मच गया। पुलिस की कार्रवाई में भारी मात्रा में प्रतिबंधित लॉटरी समेत कैश बरामद हुआ। गौरतलब हो कि हाल के दिनों में नगर पुलिस ने जानपुल समेत अन्य जगहों पर छापेमारी कर लॉटरी के साथ धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी टीम में अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, दारोगा शिवशंकर कुमार के अलावा पुलिस बल के जवान शामिल थे। थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि अवैध लॉटरी खेल के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

