सरकारी दस्तावेज से अंगूठा का निशान निकालकर रबड़ का अंगूठा बनाकर,अवैध निकासी करने वाले पांच शातिर साइबर ठग गिरफ्तार

सरकारी दस्तावेज से अंगूठा का निशान निकालकर रबड़ का अंगूठा बनाकर,अवैध निकासी करने वाले पांच शातिर साइबर ठग गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

अररिया। सरकारी दस्तावेजों से अंगूठा का निशान निकालकर रबड़ का अंगूठा बनाकर फिंगर प्रिंट के माध्यम से आधार कार्ड से अवैध तरीके से साइबर ठगी करने वाले पांच साइबर ठगों को जिले के साइबर थाना पुलिस और महलगांव थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।पुलिस ने इनके पास से 14 मोबाइल,एक लैपटॉप,दो टैब,दो फिंगर स्कैनिंग डिवाइस,एक जियो राउटर,चार मोटरसाइकिल और दो कार बरामद किया है।जानकारी एसपी अंजनी कुमार ने दी।एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि 07 जनवरी को साइबर थाना में गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि महलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम किसनपुर वार्ड नं. 06 में विनोद मंडल के घर पर कुछ साइबर ठग इकट्ठा होकर आम जनता के बैंक खातों से साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष साइबर थाना रजिया सुल्ताना के नेतृत्व में महलगांव थाना के साथ मिलकर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

साइबर थाना और महलगांव थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विनोद मंडल के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर के पिछले कमरे में 6 व्यक्तियों को लैपटॉप, मोबाइल और फिंगर स्कैनिंग डिवाइस के साथ संदिग्ध अवस्था में पाया। पुलिस को देखते ही सभी ने भागने का प्रयास किया, जिसमें से पांच संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस बल के सहयोग से पकड़ा गया।

एसपी ने बताया कि मामले में किशनपुर के 45 वर्षीय विनोद मंडल पिता स्व.महादेव मंडल,21 वर्षीय सोनू कुमार मंडल पिता चन्द्रानंद विश्वास, चिरह के 25 वर्षीय मो. सरताज पिता असाहबुद्दीन ,पलासी श्यामपुर के 28 वर्षीय मो. निसार पिता मो.जमाल और पूर्णिया जिला के अमौर थाना क्षेत्र के पिपरा के रहने वाले 21 वर्षीय भास्कर कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान सभी ने स्वीकार किया कि वे जियो वाईफाई राउटर का उपयोग कर लैपटॉप और टैब के माध्यम से लोगों का डेटा प्राप्त करते थे। वे फिंगर स्कैनिंग डिवाइस का उपयोग कर अवैध रूप से लोगों के बैंक खातों से पैसे की निकासी करते हैं।

मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 03/26, दिनांक 07/01/2026 धारा-121(1)/318(4)/338/336(3)/340(2)/3 (5) बीएनएस एवं 66 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।वहीं मौके से फरार एक की गिरफ्तारी हेतु छापामारी जारी होने की जानकारी दी गई। छापामारी दल में साइबर डीएसपी सह साइबर थानाध्यक्ष रजिया सुल्ताना,साइबर थाना के एसआई धर्मेन्द्र कुमार,कुंदन कुमार,महलगांव थाना के अपर थानाध्यक्ष राजू कुमार,एसआई रोमी कुमारी और महलगांव एवं साइबर थाना के रिजर्व पुलिस बल के जवान मौजूद थे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page