सिकरहना नदी के ध्वस्त बांध का विधायक ने किया निरीक्षण
– विभागीय अभियंता रहे उपस्थित
– बांध का पुनर्निर्माण बड़ी प्राथमिकता: बब्लू गुप्ता
पूर्वी चंपारण।जिले के सुगौली प्रखंड के सुकुलपाकड़ पंचायत अंतर्गत धूमनी टोला स्थित सिकरहना नदी के ध्वस्त और जर्जर बांध का विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने वर्तमान स्थिति, कटाव की गंभीरता और उससे आसपास के गांवों पर पड़ने वाले संभावित खतरे की बारीकी से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों के साथ बांध के पुनर्निर्माण और कटावरोधी कार्यों को लेकर विस्तृत मंत्रणा की।
मौके पर सिकरहना नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार सहित विभाग के अन्य तकनीकी अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने विधायक को बांध की तकनीकी स्थिति, पूर्व में हुए नुकसान और आवश्यक मरम्मत व निर्माण कार्यों से अवगत कराया। विधायक श्री गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए बांध निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि आसपास के ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बताया कि बीते माह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं जल संसाधन मंत्री से मुलाकात कर सिकरहना नदी के जर्जर बांध और कटावरोधी कार्यों को लेकर गंभीरता से चर्चा की थी।परिणामस्वरूप अब विभागीय स्तर पर कार्रवाई तेज हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बांध का पुनर्निर्माण प्राथमिकताओ में है। कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं रखीं।
मौके पर मुख्य पार्षद पति मो. अलीहसन, उप मुख्य पार्षद पति विकास शर्मा, भाजपा युवा नेता अमर किशोर पटेल, अवध पटेल,रवि पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। उन्होने ग्रामीणो को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की सुरक्षा और किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

