हरसिद्धि में आगलगी से दो झोपड़ी जलकर राख
मोतिहारी। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के जागापाकड़ पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 10 में बुधवार की मध्य रात्रि अचानक आग लग जाने से दिलीप सिंह एवं हेमवंती कुंवर का फूस का घर जलकर पूरी तरह .राख हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक दोनों घर पूरी तरह जल चुके थे।
इस अगलगी में हेमवंती कुंवर के घर में रखे कपड़े, अनाज सहित किराना दुकान का कुछ सामान भी जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित दिलीप सिंह ने आशंका जताई है कि दुश्मनी के कारण किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी झोपड़ी और हेमवंती कुंवर के घर में आग लगा दी। हालांकि, आग लगाने वाले को किसी ने नहीं देखा है। घटना की सूचना मिलने के बाद अरविंद कुमार चैधरी ने बताया कि मामले की जांच के लिए राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

