निगम क्षेत्र में व्यापक स्तर पर नाला एवं सड़क निर्माण कार्य जारी:मेयर प्रीति  

निगम क्षेत्र में व्यापक स्तर पर नाला एवं सड़क निर्माण कार्य जारी:मेयर प्रीति  
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। नगर निगम के समग्र एवं सतत विकास को गति देने के उद्देश्य से अति महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। इसकी जानकारी देते महापौर प्रीति कुमारी ने बताया कि शहर के सर्वागीण विकास के लिए दूरदर्शी निर्णयों के तहत सभी योजनाओं को गति दिया जा रहा हैं।

इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य शहर की वर्षों पुरानी जलनिकासी समस्या का स्थायी समाधान करना तथा सड़क एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़, सुरक्षित एवं सुचारू बनाना है। इन विकास योजनाओं के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र में व्यापक स्तर पर नाला एवं सड़क निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।

प्रमुख कार्यों में बंगाली कॉलनी से छतौनी चौक तक मुख्य नाला निर्माण के साथ सड़क के दोनों किनारों पर पेवर ब्लॉक का निर्माण, मठिया जीरात एनएच से धर्म समाज चौक तक मुख्य नाला निर्माण, जमला रोड में मुख्य नाला निर्माण, बाजार समिति रोड में मुख्य सड़क एवं नाला निर्माण तथा छतौनी चौक से मीना बाजार होते हुए जानपुल चैक तक सड़क के दोनों ओर पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य शामिल है।

इसके अतिरिक्त नगर निगम क्षेत्र के अन्य विभिन्न मोहल्लों एवं मार्गों पर भी सड़क एवं नाला निर्माण के कार्य प्रगति पर हैं। इन योजनाओं के पूर्ण होने के पश्चात मोतिहारी शहर में जलजमाव एवं जलनिकासी से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सकेगा। जिससे आम नागरिकों को बरसात के मौसम में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी। साथ ही मुख्य सड़कों के दोनों ओर पेवर ब्लॉक लगाए जाने से सड़क की प्रभावी चौड़ाई में वृद्धि होगी। जिससे पैदल यात्रियों एवं वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

नई एवं सुदृढ़ सड़कों के निर्माण से यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी। नगर निगम मोतिहारी शहर के नागरिकों को बेहतर, आधुनिक एवं टिकाऊ बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि मोतिहारी को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं विकसित शहर के रूप में स्थापित किया जा सके।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page