लापता बच्चे के परिजन से 50 हजार की साइबर ठगी,बच्चा सकुशल बरामद
-तीन दिन पहले शहर के आजाद नगर से गायब हुआ था 14 साल का आरिफ
मोतिहारी। पुलिस को स्पेशल टीम ने एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पर नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर से गायब एक बच्चे को चौथे दिन मुजफ्फरपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। हालांकि इस बीच साइबर फ्रॉड़ों ने बच्चे के परिजन को झांसा देते हुए ब्लैकमेल कर 50 हजार की ठगी कर ली है।
घटना के संबंध में सदर 1 डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया है कि आजाद नगर मोहल्ले का 14 वर्षीय आरिफ शनिवार को खेलते खेलते अचानक गायब हो गया। जिसकी सूचना परिजनों ने रविवार को नगर थाने में दी। इसके अलावे परिजनों ने बच्चे से संबंधित जानकारी सोशल मीडिया पर डाला और माइक से प्रचार कराई। सोशल मीडिया सहित प्रचार कराने का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने परिजनों को कॉल कर पैसा देने अन्यथा बच्चे की हत्या कर देने की धमकी देते हुए एक लाख की डिमांड कर दी। बच्चा साइबर ठगों के पास नहीं था और हालात का गलत फायदा उठाया गया। परिजन आनन फानन में 50 हजार यूपीआई के माध्यम से भेज भी दिए। इस दौरान पुलिस ने मुजफ्फरपुर जीआरपी से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया।
जानकारी के मुताबिक उक्त बच्चा ट्रेन से मुजफ्फरपुर पहुंच गया था , जहां उसे एक ठेले वाले ने रेल पुलिस के हवाले किया। इस दौरान ठेले वाले ने भी अपने फोन से परिजनों को कॉल कर बच्चे के वहां होने की सूचना दी थी। फिळवक्त पुलिस इस मामले के विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और फ्रॉड किए गए यूपीआई नंबर को भी खंगाल रही है , हालांकि उक्त नंबर हैदराबाद का बताया जा रहा है।

