बिहार के सुप्रसिद्ध थावे माता मंदिर में भीषण चोरी,माता का जेवर व मुकुट की हुई चोरी
गोपालगंज। जिला स्थित बिहार के सुप्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है।चोरो का एक समूह गर्भगृह के अंदर घुसकर मां भगवती दुर्गा की प्रतिमा से सोना-चांदी के मुकुट, हार समेत अन्य कीमती आभूषण चुरा लिए।इस दौरान चोर दानपेटी भी उठा ले गए।थावे मंदिर में हुई इस भीषण घटना के बाद श्रद्धालुओ में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।अति हाई सिक्योरिटी वाले मंदिर में चोरी की घटना से लोग हतप्रभ हैं।हालांकि चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है।जिससे चोरो के पकड़े जाने की संभावना प्रबल है।
उल्लेखनीय है,कि बीते साल झारखंड के एक व्यवसायी ने मां थावेवाली को 251 ग्राम वजन का करीब 51 लाख रुपये मूल्य का सोने का मुकुट अर्पित किया था। गुरुवार की सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे पुजारियों और श्रद्धालुओं ने जब मंदिर के अंदर सामान बिखरा और आभूषण गायब देखे तो हड़कंप मच गया। इसकी सूचना तत्काल थावे थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मंदिर परिसर का निरीक्षण किया।

पुलिस मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। मिली जानकारी के अनुसार सीढ़ी और रस्सी के सहारे चोर मंदिर में घुस गए और कटर से ताला काट दिया। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षा कर्मी सोते रहे। सीसीटीवी में दिख रहा है कि चोर दानपेटी और मां के जेवर ले जा रहे हैं। उस समय कोई भी सुरक्षा कर्मी वहां नहीं दिखा। गोपालगंज के एसपी अवधेश दीक्षित ने मंदिर पहुंचकर जांच की। उन्होंने कहा कि वहां तैनात गार्ड और सुरक्षा कर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

