भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने नितिन नबीन पर जताया भरोसा,सौपी बड़ी जिम्मेदारी

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने नितिन नबीन पर जताया भरोसा,सौपी बड़ी जिम्मेदारी
Facebook WhatsApp

पटना।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। पिता की मृत्यु के बाद विरासत में मिली राजनीति को नितिन ने नबीन बना दिया।नितिन नबीन सिन्हा दिग्गज भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के बेटे हैं। नितिन नबीन पटना की बांकीपुर सीट से पांचवीं बार विधायक हैं। 2006 में उन्होंने पहली बार उपचुनाव में जीत हासिल की थी। उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने 98,299 वोट हासिल किया और राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी को 51,936 मतों के अंतर से हराया।

नितिन नबीन के पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के मजबूत नेता थे। उनके निधन के बाद जब उपचुनाव हुआ, तब जनता ने उसी परिवार के बेटे पर भरोसा जताया। यही वह क्षण था जहां नितिन नबीन की राजनीतिक यात्रा शुरू हुई। उसके बाद जो हुआ, वह बिहार की राजनीति का एक चमकता हुआ अध्याय बन गया। बांकीपुर सीट से वह लगातार जीत रहे हैं।

नितिन नबीन की पहचान बिहार में पथ निर्माण मंत्री के रूप में एक युवा, ऊर्जावान और काम करने वाले नेता की बनी है। लेकिन यह भी उतना ही सच है कि राजनीति के इस लंबे सफर में उनका पहला कदम विरासत की ताकत से उठाया गया था, जहां पिता की पहचान ने बेटे को राजनीति की भीड़ में अलग खड़ा कर दिया।

नितिन नबीन युवा ऊर्जा, आधुनिक सोच और सक्रिय नेतृत्व का उदाहरण हैं। उनको इस बात का श्रेय भी दिया जाता है कि उन्होंने अपने क्षेत्र को शहरी विकास की नई धाराओं से जोड़ने का प्रयास किया है। चाहे सड़कें हों, बिजली, जलापूर्ति या ट्रैफिक व्यवस्था, हर मुद्दे पर उन्होंने सतत निगरानी रखी।

मुख्यमंत्री ने नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किये जाने पर दी शुभकामनायें

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किये जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि बिहार के रहने वाले नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे 5वीं बार विधायक निर्वाचित हुए हैं और हमारे साथ मंत्रिमंडल में ऊर्जावान सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे हैं। नितिन नवीन एक समर्पित और अनुशासित राजनीतिज्ञ हैं। मुझे उम्मीद है कि उनकी इस र्नइ जिम्मेदारी से भारतीय जनता पार्टी को और मजबूती मिलेगी।

राजनीतिक विश्लेषक और वरिष्ठ पत्रकार अरुण पाण्डेय ने कहा कि नितिन नवीन युवा है, राजनीति में उन्हें लम्बे सफर के लिए तैयार किया जा रहा। नितिन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने से बिहार भाजपा में भी यह साफ संदेश केंद्रीय नेतृत्व ने दिया है कि जो चुपचाप रहकर संगठन का काम पूरी निष्ठा-ईमानदारी के साथ करेगा उस पर ही भाजपा भरोसा करेगी। बीते करीब 20 वर्षों से नितिन पटना जिले की बांकीपुर से विधायक है। बिहार में पथ निर्माण मंत्री के रूप में उनकी पहचान एक युवा, ऊर्जावान और काम करने वाले नेता की बनी है।

बिहार भाजपा में कायस्थ समाज से शीर्ष पद पर कई नेताओं को लाने की बात लंबे समय से चल रही थी। साथ ही आने वाले पश्चिम बंगाल और 2027 में यूपी विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन की अहम भूमिका हो सकती है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page