मुख्यमंत्री ने केसरिया में निर्माणाधीन टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर का निरीक्षण किया
-शीघ्र कार्य पूरा करने का निर्देश
– विश्व प्रसिद्ध केसरिया बौद्ध स्तूप परिसर का किया भ्रमण
-ग्रामीण महिलाओं के साथ संवाद कर कुशलक्षेम ली, महिलाओं ने जताया आभार
मोतिहारी। 10 वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने नीतीश कुमार पद संभालते ही पहली बार पूर्वी चंपारण जिला के केसरिया पहुंचे। मुख्यमंत्री निर्माणाधीन टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर का निरीक्षण किया। यहां कराए जा रहे ऑडिटोरियम, पर्यटकीय सुविधा आदि के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होने कहा कि इस टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करें। केसरिया बौद्ध स्तूप को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। सेंटर के निर्माण से पर्यटकों को सहुलियत होगी साथ ही बौद्ध धर्म के विभिन्न आयामों तथा बिहार के गौरवशाली गाथा को वे जान सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि निर्माणाधीन टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर में 5 डी थियेटर बनाया जा रहा है, जहां 48 व्यक्तियों के बैठने की सुविधा होगी। यहां महत्वपूर्ण बौद्ध शिक्षाओं से संबंधित फ्रेम प्रदर्शित किए जाएंगे। यह आगंतुकों के लिए परिचयात्मक क्षेत्र के रूप में कार्य करेगा। बिहार पेवेलियन बनाया जाएगा, जहां बिहार के ऐतिहासिक विरासत से जुड़े फ्रेम प्रदर्शित किए जाएंगे। राज्य की सांस्कृतिक महत्ता को दर्शानेवाले शैक्षणिक डिस्प्ले का निर्माण किया जाएगा। यहां 90 से अधिक मूर्तियों को विशेष बॉक्सनुमा संरचनाओं में स्थापित किए जायेंगे। वही बिहार के विभिन्न ऐतिहासिक बौद्ध स्मारकों की 8 प्रतिकृतियां भी रखी जाएंगी।

तपश्चात् वे केसरिया बौद्ध स्तूप परिसर का भ्रमण कर वहां के पर्यटकीय सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हमलोगों ने केसरिया बौद्ध स्तूप को सुरक्षित रखने एवं विकसित करने के लिए अनेक काम कराएं हैं। परिसर को सुरक्षित रखें, रख-रखाव एवं विकास के लिए कार्य करें, साथ ही पर्यटकीय सुविधाओं का भी ख्याल रखें।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने ताजपुर गांव स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निरीक्षण कर चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी ली। साफ-सफाई, मेडिकल सुविधा और दवा की उपलब्धता, निःशुल्क टीकाकरण आदि के बारे में चिकित्सक से जानकारी ली। यहां उन्होने लाभुकों के बीच आयुष्मान कार्ड वितरित किया। कहा कि मरीजों को इलाज में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका ख्याल रखें। सेंटर से जुड़नेवाली सड़क का और चौड़ीकरण करें ताकि यहां पहुंचने में सहुलियत हो। वे उच्च माध्यमिक विद्यालय, ताजपुर के मैदान में लगे विभिन्न स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। यहां वे ग्रामवासियों का हालचाल पूछे। जीविका दीदी, रसोइया, आंगनबाड़ी सेविका, ममता कार्यकर्ता, विकास मित्र, तालिमी मरकज और टोला सेवकों से बातचीत की। कहा कि आप सभी अच्छे से काम करते रहें, आपकी सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है। जबकि सभी ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचकर उन्होने छात्रावास में रह रही छात्राओं से बातचीत की और सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने छात्राओं से कहा कि अच्छे से पढ़ाई करें। सरकार आपको ठीक से पढ़ाने और आगे बढ़ाने का ख्याल रख रही है। इस दरम्यान मुख्यमंत्री ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के परिसर में बने पुस्तकालय का उद्घाटन के बाद निरीक्षण किया।
जबकि राजकीय मध्य विद्यालय केसरिया (बालक) के परिसर का जायजा लिया। इस अवसर पर छात्रों द्वारा आयोजित संगीतमय प्रार्थना, तलवारबाजी, विज्ञान प्रदर्शनी और खेल करतब को देख प्रसन्नता जताई, वही मूक-बधिर बच्चियों द्वारा आयोजित नृत्य प्रस्तुति पर खुशी व्यक्त किया। स्कूल प्रशासन से कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ छात्रों के खेलकूद की भी व्यवस्था/ संसाधन उपलब्ध रखें। उक्त अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, विधायक प्रमोद कुमार, केसरिया विधायक शालिनी मिश्रा, नरकटिया विधायक विशाल कुमार,पीपरा विधायक श्यामबाबू प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि के अलावें मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद् के निदेशक मयंक बरबड़े, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त कौशल किशोर, जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

