समय पर बिजली बिल भुगतान से होगी बचत के साथ लाभ
सहज होंगी उपभोक्ता सेवाएं
ऑनलाइन पेमेंट, स्मार्ट मीटर और प्रीपेड बैलेंस पर मिल रही विशेष छूट
मोतिहारी। ऊर्जा विभाग ने सभी विद्युत उपभोक्ताओं के हक में निर्णय लिया है। विभाग ने लोगों से अपील किया है कि वे समय पर बिजली बिल का भुगतान कर न केवल अपनी जिम्मेदारी निभाएं, बल्कि आर्थिक रूप से भी लाभ उठाएं। नियमित भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को कई तरह की छूट और रियायतें मिलेगी। जिससे मासिक खर्च और बिजली उपयोग दोनों में संतुलन बनाए रखना आसान होगा। समय पर भुगतान से स्मार्ट मीटर में 25 पैसे प्रति यूनिट की दर से ऊर्जा शुल्क में अतिरिक्त छूट मिलेगी। लगातार तीन महीने तक 2000 रुपए से अधिक बैलेंस रखने पर रिजर्व बैंक द्वारा निर्धारित बैंक दर से ब्याज, ससमय विद्युत बिल के भुगतान पर 1.5 प्रतिशत की छूट, ऑनलाइन के माध्यम से ससमय भुगतान पर 1 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट मिलेगी। ग्रामीण उपभोक्ताओं द्वारा एक तिमाही के सभी विधुत विपत्र का ससमय भुगतान पर 1 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट की सुविधा होगी।
-मोबाइल ऐप से भुगतान है सुविधाजनक विकल्प!
स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए मोबाइल ऐप के माध्यम से बिल भुगतान सबसे आसान और तेज विकल्प है। सुविधा ऐप के जरिए उपभोक्ता रिचार्ज, बिजली खपत और बैलेंस की जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं।

