भारत–नेपाल की संयुक्त पहल में मैत्री ब्रिज पर चलाया गया स्वच्छता अभियान
-सीमा सुरक्षा बल और नेपाल की विभिन्न एजेंसियों की रही सक्रिय भागीदारी
रक्सौल। नगर परिषद क्षेत्र स्थित भारतीय कस्टम के पास स्वच्छता पखवाड़ा के तहत 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, रक्सौल, ए.पी.एफ. नेपाल, ग्रीन सिटी कम्युनिटी पुलिस सर्विस आदर्शनगर (नेपाल) तथा बीरगंज महानगरपालिका (नेपाल) के सहयोग से भारत–नेपाल सीमा पर बने मैत्री ब्रिज पर संयुक्त स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान मैत्री ब्रिज का सौंदर्यीकरण, आसपास फैले कचरे का निस्तारण, सड़कों की सफाई एवं धुलाई की गई। कार्यक्रम में 47वीं वाहिनी एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी सह कार्यवाहक कमांडेंट संजय रावत, उप कमांडेंट दीपक कृष्ण, सहायक कमांडेंट उत्तम कुमार घोष सहित बड़ी संख्या में बलकार्मिक मौजूद रहे। नेपाल की ओर से ए.पी.एफ. के डीएसपी बिष्णु हरि घिमिरे, बीरगंज महानगरपालिका के कर्मचारी एवं ग्रीन सिटी कम्युनिटी पुलिस सर्विस के सदस्य उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान दोनों देशों के नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संयुक्त प्रयास भारत–नेपाल के मैत्री संबंधों को और मजबूत बनाते हुए सीमा क्षेत्र में स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करेगा।

