भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आधी रात को बंद हुआ कोटवा का दीपऊ कट
-मजिस्ट्रेट, पुलिस और एनएचआई के अधिकारियों की रही उपस्थिति
-ट्रक की ठोकर में पांच लोगों की मौत के बाद जगा प्रशासन
कोटवा। थाना क्षेत्र के एनएच 27 पर दीपऊ चौक पर स्थित जानलेवा कट को प्रशासन ने आधी रात को बंद करा दिया है। बीडीओ सह मजिस्ट्रेट चिरंजीवी पांडेय, कोटवा थानाध्यक्ष प्रत्यूष कुमार विक्की सहित कई पुलिस पदाधिकारी, एनएचआई के अधिकारी और सुरक्षाबल की उपस्थिति में कट को बंद कर दिया गया।
इस दौरान जेसीबी, रोड रोलर सहित कई मशीनरी को लगाया गये थे। एनएच के बीचों बीच खम्भा डालकर उसमें लोहे के प्लेट को लगाया गया है। अब इस कट पर पैदल भी इधर से उधर जाना संभव नहीं है। वही कट बंद होने से अब एनएच के सर्विस लेन और फ्लाई ओभर ब्रिज के नीचे जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
इस बाबत बीडीओ श्री पांडेय ने बताया है कि लोगों की जान की सुरक्षा के लिए कट बंद होना जरूरी था, ऐसे में वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर शांतिपूर्ण ढंग से कट को बंद कराया गया है। जाम की समस्या से निपटने के लिए शीघ्र जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

