कोटवा में वाहन चोरों का आतंक,बोलोरो और स्कॉर्पियो किया गायब
-पुलिस को अबतक नहीं मिला कोई सुराग
कोटवा।थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक के बाद एक चारपहिया वाहनों की चोरी से गाड़ी ऑनर सकते में आ गए है। उसपर पुलिस की कारवाई शिफर है, ऐसे में लोगों में पुलिस के प्रति अविश्वास बढ़ता जा रहा है। बताया गया है कि गत 5 दिनों में थाना मुख्यालय से 1-2 किलोमीटर के दायरे में एक बोलोरो और स्कॉर्पियो को बेखौफ चोरों ने उड़ा लिया है। अबतक इन वाहनों का कोई सुराग भी नहीं लग पाया है। रविवार को कोटवा के हेमंछपरा में बारात आए ताजपुर पटखौलिया निवासी रामाशीष राय की बोलेरो गाड़ी चोरी हो गई। पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर बताया कि वे अपने बोलेरो से हेमन छपरा में आयोजित एक बारात में शामिल होने गए थे। दरवाजा लगने और भोजन करने के बाद चंद घंटे के अंदर ही जब वे घर लौटने के लिए गाड़ी के पास पहुंचे, तो उनकी बोलेरो गायब थी।काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात चोर ने गाड़ी चोरी कर ली है।वहीं, क्षेत्र में चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 25 नवंबर को दीपउ के रूपेश कुमार यादव के दरवाजे से स्कॉर्पियो की चोरी हो गई थी, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। थानाध्यक्ष प्रत्यूष कुमार विक्की ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। जाहिर है वाहन चोरी की इन घटनाओं पर शीघ्र अंकुश नहीं लगा तो कुछ वक्त पहले के मवेशी चोरी की तरह वाहन चोरी भी थाना क्षेत्र में लोगो के लिए बड़े परेशानी का सबब बन जायेगा।

