बिहार विधानसभा के अध्यक्ष बने भाजपा के डॉ. प्रेम कुमार

बिहार विधानसभा के अध्यक्ष बने भाजपा के डॉ. प्रेम कुमार
Facebook WhatsApp

पटना।बिहार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और विधायक डॉ. प्रेम कुमार को निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रेम कुमार के निर्विरोध चुनाव का स्वागत किया।

अध्यक्ष चुने जाने के बाद प्रेम कुमार ने कहा कि वह सभी सदस्यों के लिए समान और निष्पक्ष रूप से कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि विधानसभा में सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुली और पारदर्शी चर्चा होगी और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलेगी।

उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य सदन की गरिमा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बनाए रखना है।” राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रेम कुमार को अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह बिहार विधानसभा के लिए एक सकारात्मक संकेत है और इससे राज्य में लोकतांत्रिक प्रक्रिया और भी मजबूत होगी। प्रेम कुमार ने अपने पहले भाषण में यह भी कहा कि वह सभी विधायकों के सुझावों और विचारों को सम्मान देंगे और किसी भी प्रकार के पक्षपात से दूर रहेंगे।

उल्लेखनीय है,कि वरिष्ठ भाजपा विधायक डॉ. प्रेम कुमार ने साल 1990 में पहली बार गया जी सीट से विधायक चुने गए थे, इसके बाद वे कभी विधानसभा चुनाव नहीं हारे।प्रेम कुमार भाजपा का अति पिछड़ा चेहरा हैं। इस वर्ग के नेताओं में उन्होंने अपनी खास पहचान बनाई। जेपी आंदोलन से राजनीति शुरू करने वाले प्रेम कुमार अलग-अलग समय में नीतीश सरकार में 10 से ज्यादा विभागों के मंत्री रहे।

प्रेम कुमार ने गया टाउन सीट से 1990, 1995, 2000, फरवरी 2005, अक्टूबर 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते। राज्य में 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी तब प्रेम कुमार मंत्री बने थे। इसके बाद 2010, 2017 और 2020 में भी कैबिनेट मंत्री बनाए गए। 2015 से 2017 तक बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे।

प्रेम कुमार गयाजी के मगध विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त किया। उन्होंने लॉ में ग्रेजुएशन और इतिहास में पोस्ट-ग्रेजुएशन किया था। वे छात्र जीवन से ही राजनीति से जुड़े रहे। उन्होंने भाजपा की छात्र विंग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में भी काम किया। बिहार सरकार में सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, सड़क विभाग, नगर व आवास विभाग, मत्स्य विभाग के मंत्री के रूप में भी कार्य किया है।

मृदुल स्वभाव और लोगों के सुख-दुख में हमेशा मौजूद रहने का स्वभाव आत्मसात करने वाले डॉ. प्रेम कुमार की राजनीतिक जीवन काफी उत्कृष्ट रहा। यही कारण रहा कि वह हमेशा अपनी राजनीतिक जीवन में सफल रहे। उनकी सफलता का सोपान विधानसभा अध्यक्ष पद तक पहुंचाने का माध्यम बना। उनके विधानसभा अध्यक्ष बनने से गयाजी के लोगों में खुशी है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page