पत्रकार रामपुकार सिंह की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित
रक्सौल। आंचलिक पत्रकारिता को नई दिशा देने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं रक्सौल प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष बाबू रामपुकार सिंह की छठी पुण्यतिथि गुरुवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। 68 वर्ष की आयु में उनका निधन रक्सौल की पत्रकारिता में एक युग के अवसान के रूप में देखा गया था। उनके व्यक्तित्व की सरलता, कार्य के प्रति समर्पण और सामाजिक सरोकारों में उनकी सक्रिय भूमिका आज भी उन्हें क्षेत्र का ‘युगपुरुष’ बनाती है। मूल रूप से आदापुर प्रखंड के कुचुरवारी गांव निवासी बाबू रामपुकार सिंह, बाबू जगदेव सिंह के ज्येष्ठ पुत्र थे। उनकी पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय गांधी प्राथमिक विद्यालय, रक्सौल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर रक्सौल प्रेस क्लब की ओर से संयोजक लव कुमार चौबे के नेतृत्व में जरूरतमंदों के बीच फल, फूल, बिस्किट आदि वितरित किए गये। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार अनिल कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि “रामपुकार जी की पत्रकारिता आदर्शों, अनुशासन, नैतिकता और जनता के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है। उनकी स्मृतियां हमें सदैव प्रेरित करती रहेंगी। उक्त अवसर पर दीपक अग्निरथ ,गणेश शंकर, राजेश केसरीवाल, लव कुमार चौबे, रवि रंजन वर्मा, दीपक कुमार, पार्वती तिवारी, श्रेयांश कुमार उर्फ बिट्टू, रितेश राज, पप्पू कुमार गिरी, नुरुल्लाह खान सहित कई पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

