अग्निशमन विभाग ने गैस सिलिंडर में लगी आग को बुझाने की सिखाई तरकीब

अग्निशमन विभाग ने गैस सिलिंडर में लगी आग को बुझाने की सिखाई तरकीब
Facebook WhatsApp

-आपदा पीड़ितों को बचाने के लिए प्रशिक्षण

मोतिहारी। घर मे खाना बनाने के दौरान गैस सिलिंडर में आग लगने की घटना हो जाती है। यदि घर की महिलाएं आग को बुझाने की तरकीब सीख लेंगी तो गांव में होने वाली अगलगी की घटना में कमी आएगी। उक्त बातें अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी अजय कुमार ने गुरुवार को कही। उनकी अग्निशमन टीम बरदाहा पंचायत भवन परिसर में संचालित खोज एवं बचाव दल के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आग लगने के बाद बचाव के गुर सिखाने पहुंची थी। इस दौरान टीम के अमन राज, रॉकी कुमार, मधु कुमारी, रोहित राज, मुन्नी कुमारी गुप्ता, चंदा कुमारी, अरविंद कुमार, सुंदर कुमार ने गैस सिलिंडर में आग लगने पर उसे बुझाने की तरकीब सिखाई। उसके बाद बचाव दल की महिला एवं पुरुष सदस्यों से अभ्यास कराया। हालांकि समुदाय की महिलाओं ने भी आग बुझाने के अभ्यास में शामिल होकर काफी प्रसन्न दिखीं।

उसके बाद प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षक मंकेश्वर पांडेय ने खोज एवं बचाव दल के मुख्य कार्य, उनकी जवाबदेही, बचाव के उपकरणों की देखभाल एवं तैयारी आदि पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमेशा खोज एवं बचाव दल के सदस्यों के मन में आपदा से पीड़ित लोगों के जीवन को बचाने का हरसंभव प्रयास करने का जज्बा होना जरूरी है। वहीं प्रशिक्षक विजय उपाध्याय ने मॉकड्रिल के माध्यम से डूबने वाले लोगों बचाने की प्रक्रिया का अभ्यास बूढ़ी गंडक नदी में जाकर प्रायोगिक रूप से कराकर सिखाया। इस दौरान रस्सी एवं बांस के सहारे डूबे हुए व्यक्ति के बचाव की प्रैक्टिकल कराई गई। वहीं डूबे हुए व्यक्ति का रेस्क्यू करने के बाद पेट मे जमा पानी को निकालने की विधि, सीपीआर करने का तरीका, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सिटी बजाकर रास्ते को जाम मुक्त कराने एवं प्राथमिक उपचार के बाद समन्वय कर अस्प्ताल पहुंचाने की बात बताई।

सत्र में पंचायत के मुखिया मोहन सहनी, बाल रक्षा भारत, बिहार के सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी असीम कुमार मंडल ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर हाल में पीड़ितों की सेवा एवं उनका बचाव जरूरी है। इस दौरान वृद्ध, महिला, दिव्यांग एवं गर्भवती का खास ख्याल रखने की जरूरत है। बाल रक्षा भारत के समन्वयक हामिद रजा ने बताया कि आपदा प्रबंधन प्राधिकार, मोतिहारी, सेल्स फोर्स एवं बाल रक्षा भारत के संयुक्त तत्वावधान में बरदाहा पंचायत के प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य दल, पूर्व चेतावनी एवं सूचना दल, खोज एवं बचाव दल का प्रशिक्षण संपन्न कराया जा चुका है।

शुक्रवार को आपदा के दौरान आश्रय प्रबंधन कार्य दल का प्रशिक्षण बरदाहा पंचायत भवन के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। इन सभी दलों ये सदस्यों की जागृति से आपदा के जोखिम को काफी कम किया जा सकता है। मौके पर वीरेंद्र मांझी, सत्यप्रकाश, जयकिशन, राजा, राजन, अमृता, सबेया खातून, नाजिया खातून, काजल, मीना, रंजीत, मेघनाथ आदि उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page