कोटवा प्रखंड के सभी विद्यालयों में बच्चों को मिल रहा एफएलएन किट
-बच्चों में सीखने की कला होगी प्रभावी
कोटवा। प्रखंड क्षेत्र के सभी सरकारी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में बच्चों के बीच एफएलएन किट का वितरण शुरू कर दिया गया है। शिक्षा विभाग के द्वारा जारी निर्देश के आलोक में इस किट का वितरण किया जा रहा है । इसका उद्देश्य बच्चों में भाषा ज्ञान, पढ़ना-लिखना और गणित की मूलभूत समझ को विकसित करना है, ताकि सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और रोचक बनाया जा सके। विद्यालयों को उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार एफएलएन किट में बच्चों के लिए अभ्यास पुस्तिकाएं, शिक्षण-सहायक सामग्री, गणितीय उपकरण, गतिविधि-आधारित लर्निंग सामग्री सहित कई उपयोगी वस्तुएं शामिल हैं। शिक्षक इन सामग्रियों के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर देंगे, जिससे कमजोर छात्रों को भी पढ़ाई से जोड़ने में मदद मिलेगी।
किट की सामग्री छोटे बच्चों के स्तर के अनुरूप तैयार की गई है, जिससे वे आसानी से अक्षर-पहचान, शब्द-रचना, संख्यात्मक कौशल और सरल गणितीय अवधारणाओं को समझ सकेंगे। प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आनंद मोहन बिहारी ने बताया कि प्रखंड के सभी विद्यालयों को एफएलएन किट उपलब्ध करा दी गई है , उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया है कि किट का उपयोग नियमित कक्षाओं में किया जाए, ताकि इसका अधिकतम लाभ बच्चों तक पहुंच सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से प्रखंड के बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत होगी और शिक्षण की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

