आत्मविश्वास एवं कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी: प्रो. हक
-एमएस काॅलेज में प्राक परीक्षा प्रशिक्षण के नवागंतुक छात्रों के सम्मान में कार्यक्रम
मोतिहारी। मुंशी सिंह महाविद्यालय में बिहार सरकार के पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा कल्याण विभाग की ओर से संचालित और बिहार राज्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम द्वारा वित्तपोषित प्राक परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र के ग्रीष्मकालीन सत्र (2025-26) का नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत सह विधिवत उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। छात्र-छात्राओं से भरे कक्ष में अपना उद्घाटन वक्तव्य देते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य सह प्राक परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. एम. एन. हक ने छात्रों को संबोधित करते हुए आत्मानुशासन, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम को ही सफलता की कुंजी बताया ।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा से चयनित होकर केंद्र में आए छात्रों को सिलेबस के अनुसार परीक्षा की तैयारी पर केंद्रित होने के लिए प्रेरित किया। वहीं छात्रों को संबोधित करते हुए अपने समाज, अपने परिवार और अपने महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए उदाहरण बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समय के प्रबंधन और गंभीर अध्ययन को महत्त्वपूर्ण बताया। मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी संतोष कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए नियमित उपस्थिति और लगातार परिश्रम को ही प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए महत्त्वपूर्ण माना।
मौके पर रिया कुमारी, अनुमंडल पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी, मौजूद थीं। उन्होंने अपने जीवनानुभव को साझा करते हुए छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने के लिए महत्त्वपूर्ण सुझाव दिए। इस अवसर पर प्राक परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र के समन्वयक एवं अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष अमरजीत कुमार चौबे ने प्रतियोगी परीक्षा के लिए धैर्य के महत्त्व को रेखांकित किया। वहीं छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी गंभीरता से अपनी बात रखी। उन्होंने पाठ्यक्रम केंद्रित शिक्षण को प्रमुखता के साथ रेखांकित किया।
उद्घाटन सत्र का संचालन अमरजीत कुमार चौबे ने और धन्यवाद ज्ञापन अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. नागेंद्र दास ने किया। इस अवसर प्राक प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक आलोक कुमार, सुधीर कुमार, रवि कुमार आदि मौजूद थे, साथ ही प्राक परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र के कर्मचारी मुन्ना पंडित, लालू कुमार चौधरी, संतोष कुमार और संजीव कुमार मौजूद थे। इस अवसर पर छात्रों को केंद्र के नियम एवं कायदों की भी जानकारी दी गई। उक्त जानकारी मुंशी सिंह महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. गौरव भारती ने दी है।

