किराना दुकान से लूट कांड का उद्भेदन,आर्म्स सहित दो बदमाश गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण। जिले के कुंडवाचैनपुर में पिछले दिनों एक किराना दुकान से हुई लूट मामले का पुलिस ने उद्वेदन करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि गिरफ्तार किया गया अपराधी कुंडवाचैनपुर का ही कुमोद कुमार और विकास कुमार है , जिसके पास से एक लोडेड पिस्तौल और 5 हजार कैश बरामद किया गया है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 6 नवंबर को शाम 8:00 बजे के आसपास कुंडवाचैनपुर रेलवे ढाला से पश्चिम की ओर जाने वाले सड़क में स्थित एक किराना दुकान से तीन-चार की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने 3 लाख 25 हजार नेपाली करेंसी एवं 90 हजार भारतीय रुपए लूट लिए थे। इस घटना में पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी रही।इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि 2 अपराधी अपाचे बाइक से कुंडवाचैनपुर रेलवे स्टेशन के नजदीक आर्म्स लेकर घूम रहे हैं। खुफिया सूत्रों के जानकारी को पुख्ता करते हुए पुलिस ने उक्त दोनों को गिरफ्तार किया। बताया गया है कि इन अपराधियों की संलिप्ता अन्य कई घटनाओं में भी होने की बात सामने आ रही है , जिसको पुलिस खंगालने में जुटी है।

