दिल्ली-बिहार के बीच 18 मार्गों पर अंतरराज्यीय बस सेवा का विस्तार, दिल्ली की मुख्यमंत्री ने बस सेवा को दिखाई हरी झंडी

दिल्ली-बिहार के बीच 18 मार्गों पर अंतरराज्यीय बस सेवा का विस्तार, दिल्ली की मुख्यमंत्री ने बस सेवा को दिखाई हरी झंडी
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। दिल्ली और बिहार के बीच अंतरराज्यीय परिवहन व्यवस्था को अधिक सुगम, व्यवस्थित और मजबूत बनाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में दिल्ली और बिहार सरकार के बीच 18 मार्गों पर पारस्परिक परिवहन समझौता संपन्न हुआ।इस एमओयू के माध्यम से दोनों राज्यों के बीच नियमित अंतरराज्यीय बस सेवाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों, कामगारों, श्रमिकों और अन्य यात्रियों को वर्षभर सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कश्मीरी गेट स्थित महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से दिल्ली-बिहार अंतरराज्यीय बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस विशेष कार्यक्रम में बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह सहित दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज दिल्ली और बिहार के लिए अत्यंत खुशी का अवसर है। दोनों राज्य सरकारों के बीच हुए परिवहन समझौते के तहत दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने बिहार सरकार को 18 अंतरराज्यीय मार्गों पर बस संचालन के लिए 216 परमिट प्रदान किए हैं। इन मार्गों पर दिल्ली से बिहार के विभिन्न शहरों तक बसों का संचालन किया जाएगा। यह उपलब्धि दोनों राज्यों के बीच मजबूत होते संबंधों और आपसी सहयोग का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाखों बिहारवासी दिल्ली आकर अपनी मेहनत से राजधानी को आगे बढ़ाने में योगदान देते हैं। दिल्ली और बिहार के बीच निर्धारित किए गए ये मार्ग उन लाखों विद्यार्थियों के लिए भी सुविधाजनक होंगे, जो यहां पढ़ने या काम करने आते हैं। दिल्ली सरकार चाहती है कि दिल्ली या बिहार में रहने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इस सुविधा से दिल्ली में रहने और काम करने वाले बिहार व पूर्वांचल के लगभग 15 से 20 लाख लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से छठ, दीपावली और दशहरा जैसे त्योहारों के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण अपने घर जाने में होने वाली परेशानियों से उन्हें काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की मांग और आवश्यकता के अनुरूप भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

डॉ. सिंह ने कहा कि वह स्वयं पूर्वांचल की माटी से जुड़े हुए हैं और इस क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं तथा यहां के लोगों की भावनाओं को भली-भांति समझते हैं। ऐसे में पूर्वांचल और बिहार के लाखों लोगों की वर्षों पुरानी आवागमन संबंधी आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में इस पहल का हिस्सा बनना उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी अत्यंत हर्ष का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह समझौता न केवल लोगों की यात्रा को सुगम बनाएगा, बल्कि दिल्ली और बिहार के बीच सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को भी और अधिक मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि इस पहल के माध्यम से पटना, गयाजी, दरभंगा, मधुबनी और भागलपुर सहित बिहार के 13 शहरों एवं क्षेत्रों के लिए दिल्ली से सीधी बस सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे दिल्ली में रहने वाले बिहारवासियों को पर्व-त्योहारों के साथ-साथ सामान्य दिनों में भी अपने घर और परिवार तक पहुंचने में अधिक सुविधा मिलेगी।

दिल्ली और बिहार के बीच बड़ी संख्या में नागरिकों, कामगारों और श्रमिकों का आवागमन होता है। लगभग 20 लाख कामगार एवं श्रमिक दिल्ली में निवास और कार्य करते हैं। ऐसे में दोनों राज्यों के बीच नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा का विस्तार उनकी यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस समझौते के तहत बिहार के विभिन्न शहरों से दिल्ली के बीच 18 मार्गों पर बस संचालन के लिए परिवहन व्यवस्था निर्धारित की गई है। प्रत्येक मार्ग के लिए दिल्ली और बिहार, दोनों की ओर से 12-12 परमिट कोटा निर्धारित किया गया है। इससे दोनों राज्यों के बीच बस सेवाओं के संचालन को नियमित एवं व्यवस्थित रूप देने में सहायता मिलेगी।

समझौते के तहत निर्धारित मार्गों में बिहार के विभिन्न प्रमुख शहरों को दिल्ली से जोड़ने की व्यवस्था की गई है। समझौते के तहत बिहार के विभिन्न प्रमुख शहरों से दिल्ली के लिए अंतरराज्यीय बस सेवा संचालित की जाएगी।

इसके तहत अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, नवादा, पटना और पूर्णिया से दिल्ली के लिए बसें चलेंगी। पटना, गया और मुजफ्फरपुर से दिल्ली के लिए एक से अधिक मार्गों पर बस सेवा उपलब्ध होगी। इन मार्गों के माध्यम से बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से दिल्ली तक यात्रियों को बेहतर अंतरराज्यीय बस कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। मार्गों में उत्तर प्रदेश और दिल्ली से होकर गुजरने वाले प्रमुख शहरों एवं परिवहन केंद्रों को शामिल किया गया है।

प्रमुख मार्गों पर बस किराया-

बीएसआरटीसी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रमुख मार्गों पर दूरी और बस की श्रेणी के आधार पर किराया निर्धारित किया गया है।

1. पटना-दिल्ली (1,198 किमी) : नॉन-एसी सीटर 1,615 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1,715 रुपये, एसी सीटर 1,980 रुपये और एसी स्लीपर 2,919 रुपये।

2. मुजफ्फरपुर-दिल्ली (1,071 किमी) : नॉन-एसी सीटर 1,470 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1,570 रुपये, एसी सीटर 1,804 रुपये और एसी स्लीपर 2,717 रुपये।

3. गयाजी-दिल्ली (1,106 किमी) : नॉन-एसी सीटर 1,555 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1,655 रुपये, एसी सीटर 1,907 रुपये और एसी स्लीपर 2,784 रुपये।

4. दरभंगा-दिल्ली (1,137 किमी) : नॉन-एसी सीटर 1,592 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1,692 रुपये, एसी सीटर 1,853 रुपये और एसी स्लीपर 2,866 रुपये।

5. पूर्णिया-दिल्ली (1,367 किमी) : नॉन-एसी सीटर 2,018 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 2,118 रुपये, एसी सीटर 2,470 रुपये और एसी स्लीपर 3,383 रुपये।

6. भागलपुर-दिल्ली (1,420 किमी) : नॉन-एसी सीटर 1,917 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 2,017 रुपये, एसी सीटर 2,347 रुपये और एसी स्लीपर 3,256 रुपये।

7. अररिया-दिल्ली (1,319 किमी) : नॉन-एसी सीटर 1,929 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 2,029 रुपये, एसी सीटर 2,362 रुपये और एसी स्लीपर 3,275 रुपये।

8. किशनगंज-दिल्ली (1,427 किमी) : नॉन-एसी सीटर 2,011 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 2,111 रुपये, एसी सीटर 2,463 रुपये और एसी स्लीपर 3,375 रुपये।

9. मोतिहारी-दिल्ली (1,071 किमी) : नॉन-एसी सीटर 1,429 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1,529 रुपये, एसी सीटर 1,755 रुपये और एसी स्लीपर 2,694 रुपये।

10. सीतामढ़ी-दिल्ली (1,130 किमी) : नॉन-एसी सीटर 1,579 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1,679 रुपये, एसी सीटर 1,937 रुपये और एसी स्लीपर 2,850 रुपये।

11. शिवहर-दिल्ली (1,118 किमी) : नॉन-एसी सीटर 1,559 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1,659 रुपये, एसी सीटर 1,913 रुपये और एसी स्लीपर 2,821 रुपये।

12. सीवान-दिल्ली (962 किमी) : नॉन-एसी सीटर 1,276 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1,376 रुपये, एसी सीटर 1,568 रुपये और एसी स्लीपर 2,467 रुपये।

13. सुपौल-दिल्ली (1,285 किमी) : नॉन-एसी सीटर 1,774 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1,874 रुपये, एसी सीटर 2,175 रुपये और एसी स्लीपर 3,114 रुपये।

14. लौकहा-दिल्ली (1,322 किमी) : नॉन-एसी सीटर 1,844 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1,944 रुपये, एसी सीटर 2,257 रुपये और एसी स्लीपर 3,176 रुपये।

अन्य मार्गों के किराये, बसों की समय-सारणी और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के पोर्टल [www.bsrtc.bihar.gov.in](https://www.bsrtc.bihar.gov.in) पर उपलब्ध होगी।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page