केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन और मुख्यमंत्री सम्राट ने राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 का किया उद्घाटन

केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन और मुख्यमंत्री सम्राट ने राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 का किया उद्घाटन
Facebook WhatsApp

-वर्ष 2030 तक राज्य में प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दुग्ध उत्पादन का लक्ष्य

पटना। केन्द्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी एवं पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 का उद्घाटन किया।इस अवसर पर दोनों वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2030 तक बिहार में प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दुग्ध उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है।

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि पटना के बापू सभागार में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री के साथ डेयरी बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

इनमें ‘राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम’ (एनपीडीडी) के तहत डेयरी सहकारी समितियों के लिए स्वीकृत ‘डेटा प्रोसेसिंग और दूध संग्रहण इकाइयों’ (डीपीएमसीयू) का वितरण; पटना स्थित वीपीएमयू और मुजफ्फरपुर स्थित टीआईएमयूएल में ‘मिनरल मिक्सचर प्लांट’ का लोकार्पण; और समस्तीपुर स्थित ‘मिथिला मिल्क यूनियन’ (एमएमयू) में ‘एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट’ (ईटीपी) का लोकार्पण जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं। यह आयोजन डेयरी क्षेत्र में टिकाऊ एवं समावेशी विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराने के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत @ 2047’ के विजन को आगे बढ़ाने के संकल्प को भी दर्शाता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार के डेयरी ब्रांड सुधा के प्रोडक्ट देश-दुनिया में लोकप्रिय हो रहे हैं। कॉम्फेड और सुधा ब्रांड को और आगे ले जाना है। डेयरी के क्षेत्र में बिहार में काफी अच्छा काम हो रहा है। बिहार में दूध का उत्पादन भी बढ़ा है। इसे और आगे बढ़ाने के लिए केंद्र, बिहार सरकार की मदद कर रही है।

ललन सिंह ने कहा कि सुधा के माध्यम से बकरी के दूध के संग्रहण एवं विपणन को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रतिदिन एक लाख लीटर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।उन्होंने कहा कि पशुपालन के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पशु सखी भी तैयार की जा रही हैं, जो पशुपालकों को आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगी। पशुपालन और डेयरी गतिविधियों से महिलाओं को नियमित आय के अवसर मिलेंगे तथा ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि दुग्ध उत्पादन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती, किसानों की समृद्धि और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण आधार है। बिहार सरकार पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य बिहार को दुग्ध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डेयरी सेक्टर में हुए कार्यों के कारण पिछले 12 वर्षों में भारत में दुग्ध का उत्पादन लगभग दोगुना हुआ है। आज भारत विश्व के कुल दुग्ध उत्पादन का लगभग एक-चौथाई हिस्सा उत्पादित कर रहा है।

यह देश के पशुपालकों, किसानों और डेयरी क्षेत्र से जुड़े लोगों के परिश्रम का परिणाम है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 48 लाख लीटर दुग्ध का उत्पादन हो रहा है। वर्ष 2030 तक इसे बढ़ाकर एक करोड़ लीटर प्रतिदिन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पशुपालन, डेयरी विकास और दुग्ध संग्रहण व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉम्फेड बेहतर कार्य कर रही है और इसकी चर्चा देशभर में हो रही है। सुधा ने अपनी गुणवत्ता और विश्वसनीयता के माध्यम से देशभर में पहचान बनाई है। सुधा द्वारा असम में एक लाख लीटर क्षमता का प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित किया गया है। आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल में भी एक लाख लीटर क्षमता का प्रोसेसिंग यूनिट शुरू किया जाएगा। इससे बिहार के दुग्ध उत्पादकों को व्यापक बाजार उपलब्ध होगा और राज्य की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page