कन्यादान से मिलता है पितरों को हजारों वर्षों तक स्वर्ग में निवास : आचार्य मदन मिश्र

कन्यादान से मिलता है पितरों को हजारों वर्षों तक स्वर्ग में निवास : आचार्य मदन मिश्र
Facebook WhatsApp

-ऋषिकुल आश्रम में रुद्र महायज्ञ के नवम दिन शिव-पार्वती विवाह प्रसंग पर प्रवचन

-शिष्य अभयानंद सरस्वती को सौंपी गई मठाधीश की गद्दी

संग्रामपुर। ऋषिकुल आश्रम संग्रामपुर मठ में आयोजित श्री श्री 1008 श्री रुद्र महायज्ञ के नवम दिन ज्ञान मंच से आचार्य मदन मिश्र ने शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का वर्णन करते हुए कन्यादान के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में कन्यादान को महादान माना गया है।

शास्त्रों के अनुसार, कन्या के शरीर में जितने रोम होते हैं, उतने हजार वर्षों तक कन्यादान करने वाले के पितर स्वर्गलोक में निवास करते हैं।आचार्य ने कहा कि कन्यादान केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि कन्या के प्रति स्नेह, सम्मान और जिम्मेदारी का पवित्र प्रतीक है।शिव-पार्वती विवाह प्रसंग के माध्यम से उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों का संदेश दिया।

महायज्ञ में प्रतिदिन पूजन, हवन एवं वैदिक अनुष्ठान उपाचार्य अनुराग पाण्डेय, पंडित राजेंद्र तिवारी सहित अन्य वैदिक विद्वानों द्वारा विधिवत संपन्न कराया जा रहा है। वहीं, रात्रि में ज्ञान मंच से अयोध्या से आए आदर्श बाल रामलीला मंडली द्वारा रामलीला का मंचन किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।

इसी क्रम में ऋषिकुल आश्रम के महंत हरदेवानंद सरस्वती ने अपने शिष्य अभयानंद सरस्वती को तिलक एवं चादर प्रदान कर मठाधीश की गद्दी सौंपी।

इस अवसर पर संत-महात्मा, नागा साधु एवं वैदिक विद्वानों की उपस्थिति में धार्मिक परंपरा के अनुसार गद्दी सौंपने का कार्यक्रम संपन्न हुआ। मौके पर अभय पाण्डेय, रामचंद्र साह, भोला सिंह, असनारायण सिंह, अनुपम गुप्ता, रूपेश तिवारी एवं मृत्युंजय मणि मिश्र सहित अनेक श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page