प्राथमिक शिक्षा में शामिल होगी मैथिली भाषा, एक सप्ताह में जारी होगी अधिसूचना : शिक्षा मंत्री

प्राथमिक शिक्षा में शामिल होगी मैथिली भाषा, एक सप्ताह में जारी होगी अधिसूचना : शिक्षा मंत्री
Facebook WhatsApp

दरभंगा। डा.नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के तीसरे दिन मंगलवार की शाम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, पर्यावरण मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता एवं संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. लक्ष्मीनिवास पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि प्राथमिक शिक्षा में मैथिली भाषा को शामिल करने संबंधी अधिसूचना एक सप्ताह के भीतर जारी कर दी जाएगी। मैथिली में पाठ्यपुस्तकों का प्रकाशन होगा तथा विद्यालयों में मैथिली शिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने के लिए प्रयासरत है। इसके साथ ही दरभंगा में गुरुकुल विद्यापीठ की स्थापना की जाएगी, जहां नर्सरी से शोध स्तर तक संस्कृत की पढ़ाई की व्यवस्था होगी। उन्होंने मिथिला की भाषा, संस्कृति और परंपरा को देश की अमूल्य धरोहर बताया।

पर्यावरण मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर किए जाने का स्वागत किया। उन्होंने अशोक पेपर मिल के संबंध में भी जल्द निर्णय लेने की बात कही। वहीं, राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि महाकवि विद्यापति मिथिला की गौरवशाली पहचान हैं। उनकी स्मृति में 54 वर्षों से समारोह का आयोजन किया जाना सराहनीय सांस्कृतिक पहल है।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी सहित वरिष्ठ अधिवक्ता शंभुनाथ झा, प्रो. दिनेश झा, केशव कुमार चौधरी, डॉ. संजीव कुमार चौधरी एवं लोक गायिका जूली झा को मिथिला विभूति सम्मान प्रदान किया गया।अतिथियों का स्वागत विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ. बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’ ने किया। कार्यक्रम का संचालन पं. कमलाकांत झा ने किया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page