छपवा के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो से 316.56 लीटर विदेशी शराब बरामद
दो शराब तस्कर हुआ गिरफ्तार,
सुगौली। स्थानीय थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छपवा के समीप एक बोलेरो से 316.56 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, बोलेरो (रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर -01- पीजी -6899) की तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की शराब बरामद हुई। इसमें 29 कार्टन 8 पीएम फ्रूटी, जिसकी कुल मात्रा 250.56 लीटर है, तीन कार्टन रॉयल स्टैग 750 एमएल, दो कार्टन रॉयल स्टैग 375 एमएल, एक कार्टन ब्लेंडर्स प्राइड 750 एमएल तथा एक कार्टन किंगफिशर बियर शामिल है। सभी शराब की कुल मात्रा 316.56 लीटर बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिमी चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के चेगौना निवासी मीर हसन, पिता शाहिद मियां तथा चौतरवा थाना क्षेत्र के चंदरपुर बकवा निवासी बालिस्टर सिंह, पिता स्व. राजेश्वर सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और इसकी डिलीवरी कहां की जानी थी, इसकी जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

