धू-धू कर जली यात्री बस , मचा हड़कंप, बाल बाल बचे लोग
-मुफ्फसिल थाने के बनकट में एनएच पर अचानक चलती बस में लगी आग , घंटे भर में बस हुआ राख
मोतिहारी। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बनकट में एनएच पर बुधवार की देर रात एक चलती यात्री बस में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते बस जलकर राख हो गया। इस घटना में बस पर सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए है।
आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थिति भयावह दिखने लगी। इस बीच सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न ही गई। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग के वाहन मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। वही इस बर्निंग बस की वारदात ने एक बार फिर से बस से यात्रा करने वाले नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है।
बड़ा सवाल यह है कि आखिर चलती बस में आग लगी कैसे, क्या बस के सभी कागजात और उसकी स्थिति ठीक थी। निश्चित तौर पर परिवहन विभाग और पुलिस के लिए यह जांच का मुद्दा है। बताते है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर बुधवार देर रात एक भयावह अग्निकांड ने यात्री सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
बनकट में सेंट्रल यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार के नजदीक एनएच पर यात्रियों से भरी ‘जय माता दी’ कंपनी की यात्री बस जो मोतिहारी से पटना जा रही थी उसमें अचानक आग लग गई। बस के अंदर धुआं भरते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए यात्रियों ने तत्काल बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि देखते ही देखते पूरी बस चंद घंटे में धू-धू कर जलकर राख में तब्दील हो गई।
इस बाबत मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया है कि घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस मोके पर पहुंची थी और जरूरी एहतियातन कदम उठाते हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने की वैकल्पिक व्यवस्था करने के साथ ही सड़क पर आवागमन सुचारु कराया गया। उनका कहना है कि इस मामले में बस मालिक की ओर से आवेदन मिलने पर अग्रेतर कारवाई की जायेगी।

